प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं। गुरुवार को पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने स्टेट डिनर पर आमंत्रित किया था। इसके बाद फिर पीएम मोदी और जो बाइडेन ने व्हाइट हाउस में मुलाकात की और दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए। इसके बाद पीएम मोदी ने अमेरिकी संसद यूएस कांग्रेस को संबोधित भी किया।
आइये जानते हैं पीएम मोदी के अमेरिका दौरे के दूसरे दिन की 10 बड़ी बातें
- प्रधानमंत्री मोदी के लिए आयोजित स्टेट डिनर में मिलेट्स को शामिल किया गया। फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन ने खुद पीएम मोदी के सम्मान में आयोजित डिनर का मेनू तैयार किया था। मेनू को तैयार करने वाली शेफ नीना कर्टिस ने मीडिया को बताया कि हमने पीएम मोदी के लिए विशेष रूप से शाकाहारी भोजन तैयार किया।
- पीएम मोदी और जो बाइडेन के बीच व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई।
- बैठक के बाद जो बाइडेन और पीएम मोदी ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि भारत और अमेरिका वर्ष 2024 तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में भारतीय अंतरिक्ष यात्री भेजने के लिए तैयारी कर रहे हैं। वहीं पीएम मोदी ने कहा कि हमने अंतरिक्ष सहयोग में नया कदम आगे बढ़ाया है। भारत पहला मानव युक्त अंतरिक्ष यान गगनयान भेजने की योजना बना रहा है, जो वर्ष 2024 के अंत या 2025 की शुरुआत में शुरू हो सकता है।
- प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी से एक पत्रकार ने भारत में फ्री स्पीच और लोकतंत्र को लेकर सवाल किया इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा मुझे आश्चर्य हो रहा है कि आप लोग कहते हैं कि भारत लोकतंत्र है। लोग कहते हैं नहीं बल्कि भारत में लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र हमारी आत्मा है, हमारे रगों में है और लोकतंत्र को हम जीते हैं।
- लोकतंत्र को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र डिलीवर कर सकता है और जब मैं डिलीवरी की बात करता हूं तो जाति, पंथ, धर्म, लिंग, किसी भी भेदभाव की जगह नहीं होती। जब आप लोकतंत्र की बात करते हैं, तब अगर मानव मूल्य नहीं हैं, मानवता नहीं है, मानवाधिकार नहीं है तो वहां लोकतंत्र है ही नहीं। उन्होंने कहा कि जब आप लोकतंत्र की बात कहते हैं तो भेदभाव का कोई सवाल ही नहीं उठता। भारत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूलभूत सिद्धातों को साथ लेकर चलता है।
- पीएम मोदी ने अमेरिकी संसद के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित किया। इसके साथ पीएम मोदी भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बन गए हैं, जो अमेरिकी संसद यूएस कांग्रेस को दो बार संबोधित कर चुके हैं।
- प्रधानमंत्री मोदी ने यूएस कांग्रेस में कहा कि हम वसुधैव कुटुंबकम पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में लाखों लोग हैं, जिनकी जड़ें भारत में हैं। इनमें से कई इस सदन में गर्व से बैठे भी हैं।
- पीएम मोदी ने कहा कि भारत जब विकास करता है, तो दुनिया विकास करती है। पीएम मोदी ने कहा कि हम सहमत हैं कि सीमा पार आतंकवाद को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई आवश्यक है।
- पीएम मोदी को भाषण के दौरान सांसदों ने स्टेंडिंग ओवेशन (खड़े होकर स्वागत) भी किया। करीब एक घंटे तक पीएम मोदी के भाषण के दौरान 14 बार उन्हें स्टेंडिंग ओवेशन दिया गया।
- पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को एक विशेष चंदन का डिब्बा भेंट किया। इसे मैसूर के चंदन की लकड़ी से बनाया गया है। वहीं इस बॉक्स में भगवान गणेश की मूर्ति और एक दीया भी है। इसके अलावा इस डिब्बे में 10 चांदी के डिब्बे भी थे। बॉक्स में दस दान राशियां थीं और इसमें 99.5% शुद्ध और हॉलमार्क वाला चांदी का सिक्का भी है।