लोकसभा में मीडिया में चाइनीज फंडिंग का मुद्दा उठाया गया। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में चीन के पैसे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ माहौल बनाया गया। उन्होंने कहा कि समाचार पोर्टल News Click में चीन का पैसा लगा है और यह देश विरोधी है।
चीन News Click को करता है फंडिंग
बता दें कि न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि चीन News Click को फंडिंग करता है। रिपोर्ट के अनुसार भारत के खिलाफ माहौल बनाने के लिए पैसे दिए गए। News Click के प्रमोटर के ईमेल से खुलासा हुआ कि चीन की ओर से 38 करोड़ रुपए दिए गए। बीजेपी ने News Click पर चीन की इमेज चमकाने और देश में चीन का प्रोपेगेंडा चलाने का आरोप लगाया है।
कौन है नेविल रॉय सिंघम?
नेविल रॉय सिंघम एक अमेरिकी व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वह ThoughtWorks के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन हैं, जो एक आईटी कंसल्टिंग कंपनी है। नेविल पर विभिन्न समूहों को फंडिंग करने का आरोप है जो चीनी स्टेट मीडिया के प्रोपोगेंडा को बढ़ावा देते हैं। नेविल रॉय सिंघम का जन्म 1954 में अमेरिका में हुआ था।
नेविल रॉय सिंघम ने हावर्ड विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है और 1993 में थॉटवर्क्स की स्थापना से पहले वर्षों तक एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम किया। नेविल रॉय सिंघम को 2009 में फॉरेन पॉलिसी पत्रिका द्वारा ‘Top 50 Global Thinkers’ में नामित किया जा चुका है।
हाल के वर्षों में नेविल रॉय सिंघम तेजी से राजनीतिक गतिविधियों में शामिल हुए हैं। वह चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के मुखर समर्थक हैं और उन्होंने चीनी स्टेट मीडिया के विचारों को बढ़ावा देने वाले समूहों को लाखों डॉलर का दान दिया है। उन्होंने चीन में उइघुर नरसंहार से भी इनकार किया है और रूसी साम्राज्यवाद की पैरवी की है।
बीजेपी ने लगाया है आरोप
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया है कि News Click ने गौतम नवलखा को 20.53 लाख ट्रांसफर किए हैं। गौतम नवलखा पर माओवादियों से लिंक का आरोप है और वह भीमा-कोरेगांव केस में भी आरोपी है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि News Click की कंपनी ने सीपीएम के आईटी सेल मेंबर को 52 लाख रुपए दिए गए। News Click में काम करने वाले पत्रकारों को भी चीनी फंड की बात कही गई है।