UP Lok Sabha Election Results 2024: लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम आते ही जहां INDIA गठबंधन की बांछें खिल गई हैं वहीं NDA को बड़ा झटका लगा है। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में BJP फिलहाल 33 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने शानदार प्रदर्शन किया है और अभी 36 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। सबसे बड़ी कामयाबी यूपी में कांग्रेस के लिए है जो अभी कुल 7 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी की साइकिल इस बार यूपी में चल पड़ी है और चुनाव के दौरान अखिलेश के दावे लगभग सही होते नजर आ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव 2024 में अखिलेश यादव के परिवार से पांच लोग चुनावी मैदान में हैं। आपको बताते हैं यादव परिवार की इन पांच सीटों का क्या हाल है। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैदान में हैं। वहीं फिरोजाबाद से अखिलेश के चचेरे भाई अक्षय यादव, बदायूं से सपा नेता आदित्य यादव और आजमगढ़ सीट से अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव मैदान में हैं। वहीं खुद अखिलेश यादव कन्नोज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
मैनपुरी लोकसभा सीट
मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहीं अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव को अब तक 5 लाख 68 हजार वोट मिल चुके हैं। बीजेपी के जयवीर सिंह से 2 लाख से ज्यादा वोट से आगे चल रही हैं।
कन्नौज लोकसभा सीट
कन्नौज लोकसभा सीट से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 1 लाख से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी के सुब्रत पाठक सपा अध्यक्ष से काफी पीछे हैं। कन्नौज सीट पर अखिलेश यादव ने आखिरी वक्त में चुनाव लड़ने का फैसला किया था।
बदायूं लोकसभा सीट
बदायूं लोकसभा सीट पर सपा नेता आदित्य यादव फिलहाल बीजेपी नेता दुर्विजय सिंह से पीछे चल रहे हैं। दुर्विजय सिंह को 2 लाख से ज्यादा जबकि आदित्य को 1 लाख 95 हजार के आसपास वोट मिले हैं। दोनों के वोट में फिलहाल बहुत ज्यादा अंतर नहीं है।
आजमगढ़ लोकसभा सीट
आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे समाजवादी प्रत्याशी और अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव आगे चल रहे हैं। उन्हें 2 लाख 83 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। जबकि बीजेपी के दिनेश लाल निरहुआ को 1 लाख 89 हजार वोट मिल चुके हैं।
फिरोजाबाद लोकसभा सीट
फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर अखिलेश के चचेरे भाई अक्षय यादव 91 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी उम्मीदवार विश्वदीप सिंह को अभी तक 4 लाख 10 हजार वोट मिले हैं। जबकि अक्षय को 5 लाख से ज्यादा वोट मिल चुके हैं।