एम्स के एक डॉक्टर को दिल्ली चुनाव में जीत के बात मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई संदेश देना भारी पड़ गया। एम्स प्रशासन की तरफ से डॉक्टर को कारण बताओ मेमोरेंडम जारी किया है। मेमो में डॉक्टर से दो दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। एम्स प्रशासन की तरफ से रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिशन (RDA) के अध्यक्ष को उनके ट्वीट के लिए मेमो भेजा गया।
मेमो में डॉक्टर के ट्वीट को ‘राजनीतिक प्रकृति’ का बताया है। मामले के अनुसार आरडीए के अध्यक्ष आदर्श प्रताप सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद ट्वीट किया था। बाद में आरडीए ने अपने अध्यक्ष के किए गए इस ट्वीट को रिट्वीट कर दिया।
आदर्श प्रताप सिंह ने ट्वीट में लिखा था कि दिल्ली की जनता को यह दिखाने के लिए बधाई कि किस तरह से फासीवादी ताकतों के ऊपर लोकतांत्रिक ताकत भारी पड़ सकती है। इस बड़ी जीत के लिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बधाई। हालांकि, एसोसिशन के कुछ सदस्यों के विरोध के बाद सिंह ने उस ट्वीट को उसी दिन डिलीट कर दिया था।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एम्स रजिस्ट्रार ने 21 फरवरी को मेमोरेंडम जारी किया। इसमें आदर्श प्रताप सिंह से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया। हालांकि, इस मामले में आरडीए अध्यक्ष की टिप्पणी नहीं मिल पाई।
मालूम हो कि दिल्ली में 70 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत के साथ सत्ता में वापसी की थी। अरविंद केजरीवाल की पार्टी को 70 में 62 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। भाजपा को महज 8 सीटों से ही संतोष करना पड़ा था। वहीं, कांग्रेस का लगातार दूसरी बार इस चुनाव में खाता नहीं खुल पाया था। केजरीवाल ने इस जीत के साथ ही तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
