उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन हो जाने के बाद एक नए स्टेशन के नाम को लेकर विवाद खड़ा होता दिख रहा है। दरअसल, बीजेपी प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने बिहार के पटना स्थित बख्तियारपुर जंक्शन का नाम बदलने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा से अपील की है। अश्विनी ने ट्वीट कर कहा, ‘बख्तियारपुर जंक्शन का नाम क्रूर मुस्लिम आक्रमणकारी भातियार खिलजी के नाम पर रखा गया है। ये वही व्यक्ति है जिसने नालंदा विश्वविद्यालय का खात्मा किया था और दुर्भाग्य से हम इसका नाम बदलने में नाकाम रहे। मैं नीतीश कुमार, सुशील मोदी, पीयूष गोयल और मनोज सिन्हा से इस तरफ ध्यान देने की अपील करता हूं।’ हाल ही में रेल मंत्रालय ने मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रख दिया है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी।

उन्होंने लिखा, ‘नागरिकों की मांग को देखते हुए उत्तर प्रदेश में मुगलसराय जंक्शन का नाम परिवर्तित कर पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन किया गया, मुझे खुशी है कि अंत्योदय जैसा महान विचार देने वाले पं .दीन दयाल जी के नाम से अब यह जंक्शन जाना जाएगा।’ बता दें कि यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार बनने के बाद से ही मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलने की मांग उठ रही थी। इस मामले पर राज्य सरकार ने गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर अनापत्ति प्रमाणपत्र मांगा था। बीते 15 मई को गृह मंत्रालय ने नाम बदलने को हरी झंडी दे दी तो राज्यपाल ने स्टेशन का नाम बदलने की अधिसूचना भी जारी कर दी। यूपी शासन के लोक निर्माण अनुभाग की ओर से स्टेशन का नाम बदलने से संबंधित आदेश चार जून को जारी हुआ।