ड्रग्स मामले में गिरफ्तार की गईं रिया चक्रवर्ती की जमानत अर्जी पर शुक्रवार को फैसला आ सकता है। रिया चक्रवर्ती को मंगलवार यानी 8 सितंबर को एनसीबी (NCB) ने गिरफ्तार किया था। इस बीच रिया के समर्थन में लोकसभा सांसद और पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chaudhary) भी उतर आए हैं।
अधीर रंजन चौधरी का कहना है कि भाजपा ने सियासी फायदा उठाने के लिए सुशांत सिंह राजपूत को बिहारी कलाकार बना दिया। हालांकि, उन्होंने भी रिया चक्रवर्ती को बंगाली ब्राह्मण बताया है। चौधरी ने रिया की गिरफ्तारी पर भी हैरानी जताई। इस संबंध में अधीर रंजन चौधरी ने लगातार 5 ट्वीट किया। उन्होंने कहा, दिवंगत स्टार मिस्टर सुशांत सिंह राजपूत भारतीय कलाकार थे। भाजपा ने उन्हें बिहार कलाकार में बदल दिया। सिर्फ सियासी फायदा उठाने के लिए।
अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, रिया पर न ही हत्या और न ही आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है, बल्कि उन्हें एनडीपीएस (NDPS) की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसियां इस तरह से अपने काम कर रही हैं ताकि सरकार में बैठे सत्ताधीश खुश हो सकें। जांच एजेंसियां समुद्र मंथन के बाद अमृत के बजाय दवाई ढूंढ़ कर लाए हैं। अब भी अंधेरे में टटोल रहे हैं कि हत्यारा कौन है।
उन्होंने लिखा, रिया चक्रवर्ती के पिता सेना के अधिकारी रह चुके हैं। देश की सेवा की है। रिया एक बंगाली ब्राह्मण महिला भी हैं। रिया के पिता को भी अपने बेटी के लिए न्याय मांगने का हक मिलना चाहिए। सुशांत को न्याय की व्याख्या, बिहारी के लिए न्याय की व्याख्या नहीं होनी चाहिए। किसी भी मामले का मीडिया ट्रायल हमारा व्यवसथा के लिए शुभ नहीं है। सभी को न्याय मिले यही हमारे संविधान का सार है।
बता दें कि रिया चक्रवर्ती 22 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में हैं। उनके समर्थन में बॉलीवुड के कई बड़े सेलिब्रेटी भी उतरे हैं। रिया ने जमानत के लिए सेशन कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। उनकी जमानत अर्जी पर कल फैसला होगा। रिया चक्रवर्ती को एनसीबी ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले एनसीबी ने रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक चक्रवर्ती और अन्य को भी गिरफ्तार किया था।
गुरुवार को सुनवाई के दौरान एनसीबी के वकील ने दलील दी कि रिया को फिलहाल जमानत देना उचित नहीं क्योंकि अभी भी इस मामले की जांच जारी है। वहीं रिया चक्रवर्ती ने आरोप लगाया है कि एनसीबी द्वारा पूछताछ के दौरान उन्हें ‘दोष स्वीकारोक्ति वाले बयान’ देने को मजबूर किया गया। याचिका में रिया ने यह दावा भी किया कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है।

