भाजपा पर पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भगवा पार्टी को उसका 75 फीसद धन अज्ञात स्रोतों से मिला है और उसने गोवा के उस कारोबारी से भी धन लिया है, जिसका नाम काला धन मामले में सामने आया था।
आप नेता योगेंद्र यादव ने कहा, ‘यह छलनी कहे सूप को जिसमें 72 छेद का सटीक उदाहरण है, जिसमें वह पार्टी पर बेतुके आरोप लगा रही है जिसके तीन चौथाई चंदे छुपे हुए स्रोतों से ही आते हैं। आप ने तो देश में पारदर्शी राजनीतिक फंडिंग की अवधारणा शुरू की है।’
पार्टी भाजपा के खिलाफ एक आपराधिक मानहानि मुकदमा दाखिल करेगी, जिसने आरोप लगाया है कि आप अपने नेताओं के एनजीओ से धन पार्टी में भिजवा रही है। भाजपा ने यह आरोप भी लगाया है कि आप ने दान करने वालों के नामों का खुलासा नहीं किया है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘क्या यह सच नहीं है कि इस साल 29 मार्च को दिल्ली उच्च न्यायालय ने भाजपा को विदेशी चंदा नियमन कानून का उल्लंघन कर विदेशी चंदे लेने का दोषी पाया था? क्या यह सच नहीं है कि भाजपा ने गोवा की एक ऐसी निजी कंपनी के मालिक से 1.18 करोड़ रुपए का चंदा लिया, जिसका नाम केंद्र सरकार ने हाल ही में विदेश में काले धन का खाता रखने वालों की सूची में शामिल बताया था?’ आप नेता ने यह दावा भी किया कि भाजपा ने एक अन्य विदेशी कंपनी से भी चंदा लिया है।
यादव ने आरोप लगाया, ‘क्या यह सच नहीं है कि भाजपा ने 2004 से 2012 के बीच विदेशी चंदे के तौर पर 19,42,50,000 रुपए प्राप्त किए और क्या वह इस बात से इनकार कर सकती है कि उसका 75 फीसद चंदा अज्ञात स्रोतों से आया हैं?’ यादव ने भाजपा से कहा कि वह अपने ‘प्रेरित’ और ‘बगैर जानकारी के लगाए गए’ आरोपों को साबित करे और आप इस मामले में किसी भी एजंसी से जांच कराने को तैयार है।