दिल्ली में चुनाव का माहौल है और राजनैतिक पार्टियां एक दूसरे पर निशाना साध रही हैं। अपनी इन्हीं कोशिशों के तहत आम आदमी पार्टी ने शनिवार को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी की फिल्मों के फुटेज का इस्तेमाल किया गया है, जिनमें वह डांस करते नजर आ रहे हैं। जिसके बैकग्राउंड में आम आदमी पार्टी का प्रचार गीत ‘लगे रहो केजरीवाल’ बज रहा है। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है कि ‘”लगे रहो केजरीवाल” गीत इतना अच्छा है कि सर मनोज तिवारी भी डांस कर रहे हैं।’

वहीं भाजपा दिल्ली ने इस वीडियो के खिलाफ राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। अपनी शिकायत में भाजपा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने फर्जी वीडियो बनाया है और उसे सर्कुलेट किया है। इस वीडियो का उद्देश्य हमारी पार्टी और प्रचारक मनोज तिवारी की इमेज को खराब करना है। भाजपा ने आप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और ट्विटर से वीडियो हटाने की मांग की है।

बता दें कि इससे पहले भाजपा ने भी अरविंद केजरीवाल का एक स्पूफ वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस वीडियो का टाइटल ‘पाप की अदालत’ दिया गया है। इसमें केजरीवाल के कथित यू-टर्न पर निशाना साधा गया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने इस वीडियो को बोरिंग करार दिया है।

भाजपा और आप के बीच जारी इस वीडियो वॉर से पहले केजरीवाल और दिल्ली बीजेपी चीफ मनोज तिवारी ट्विटर पर आपस में भिड़ चुके हैं। दरअसल मनोज तिवारी ने एक ट्वीट में कहा था कि उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद आम आदमी पार्टी की तुलना में पांच गुना सब्सिडी देने की बात कही थी। तिवारी के इस ट्वीट पर केजरीवाल ने पलटवार करते हुए भाजपा शासित राज्यों में अपने इस वादे को लागू करने की चुनौती दी थी।

बता दें कि दिल्ली में आगामी 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। वहीं 11 फरवरी को चुनाव के नतीजे आएंगे। दिल्ली चुनावों में मुख्य लड़ाई भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच ही बतायी जा रही है।