अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में अब इंडिया गठबंधन अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रहा है। इंडिया गठबंधन आने वाली 31 मार्च को राजधानी नई दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करने जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के बाद रविवार को कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी ने पहली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इस दौरान गोपाल राय ने कहा कि मोदी सरकार विपक्ष को खत्म करने की तैयारी कर रही है। आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने बताया कि इंडिया’ गठबंधन देश को बचाने के लिए 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करेगा।
कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि विपक्ष को समान मौके नहीं दिए जा रहे, कांग्रेस के खातों पर रोक हैं, मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च की महारैली ‘राजनीतिक’ नहीं बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने, केंद्र के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने का आह्वान है।
क्या बोले इंडिया गठबंधन के नेता, जानिए बड़े नेता?
- गोपाल राय ने कहा, “देश में जो हो रहा है उसके खिलाफ हम 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली करेंगे। इस रैली में ‘इंडिया’ गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व शामिल होगा।”
- गोपाल राय ने कहा, “लोकतंत्र और देश खतरे में है। देश के हितों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल सभी दल यह महारैली करेंगे।”
- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को समान अवसर नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी के खातों को ‘फ्रीज’ (लेनदेन पर रोक) किए जाने और मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर प्रकाश डाला।
- अरविंदर सिंह लवली ने कहा, “31 मार्च की महारैली न सिर्फ एक राजनीतिक रैली होगी बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने का भी आह्वान करेगी।”
