Delhi Election/Chunav Results 2020: अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने लगातार दूसरी बार दिल्ली में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। 16 फरवरी को अरविंद केजरीवाल दिल्ली के रामलीला मैदान में तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। लगातार दूसरी बार जीत के बाद आप का क्रेज भी आम लोगों के बीच बढ़ा है। पार्टी ने दावा किया कि जीत के बाद 24 घंटे के भीतर 10 लाख से ज्यादा लोग आप से जुड़े हैं।

आप के आधिकारिक टि्वटर हैंडल से गुरुवार को एक ट्वीट किया गया। ट्वीट में कहा गया, “पार्टी की बड़ी जीत के 24 घंटे के भीतर 10 लाख से ज्यादा लोग आप से जुड़े हैं। आप से जुड़ने के लिए 9871010101 पर मिस्ड कॉल करें।” इसके साथ ही आप ने दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में निशुल्क इलाज के अपने फैसले की सराहना करते हुए लिखा, “अरविंद केजरीवाल की फरिश्ते दिल्ली स्कीम की तर्ज पर मध्यप्रदेश सरकार भी दुर्घटना में घायल मरीज का इलाज प्राइवेट अस्पताल में निशुल्क कराने की योजना शुरू करने जा रही है।”

पार्टी ने यह भी घोषणा की है कि 16 फरवरी को अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में ‘बेबी मफलरमैन’ को आमंत्रित किया गया है। यह अरविंद केजरीवाल की तरह मूंछ बनाए और टोपी-चश्मा पहने अव्यान तोमर की तस्वीर मतगणना के दिन सोशल मीडिया पर छा गई थी।

अरविंद केजरीवाल को लोग मफलरमैन भी कहते हैं। केजरीवाल ने भी अपनी इस छवि को काफी भुनाया है। जब इस बेबी मफलरमैन की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो आप के आधिकारिक टि्वटर अकाउंट से भी यह तस्वीर ट्वीट की गई थी। आप ने एक अपने अभियान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है और लिखा, “हाथ में झाड़ू, सर पर बापू वाली टोपी पहने हम आये हैं। आम आदमी आये हैं, आम आदमी आये हैं।”

गौरतलब है कि दिल्ली चुनाव में आप को 70 में से 62 सीटों पर जीत मिली है और आठ सीटें भाजपा के खाते में गई है। पिछले 2015 के चुनाव में आप ने 67 सीटें जीती थी और 3 भाजपा के खाते में गई थी। दोनों ही चुनाव में कांग्रेस शून्य पर आउट हो गई।