दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। संजीव अरोड़ा अभी पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में केजरीवाल अपनी नई दिल्ली विधानसभा सीट से हार गए थे। इसके बाद से ही चर्चाएं शुरू हो गई थी कि वह राज्यसभा जा सकते हैं।

लुधियान वेस्ट से उम्मीदवार बने हैं संजीव अरोड़ा

हालांकि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जाएंगे या नहीं, इसको लेकर अभी तक पार्टी ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी के लुधियान वेस्ट से विधायक गुरप्रीत गोगी का जनवरी में निधन हो गया था। इसके बाद से यह विधानसभा सीट खाली है। संजीव अरोड़ा उद्योगपति और अरबपति उम्मीदवार हैं। वह 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे।

वहीं अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा भेजे जाने की चर्चाओं के बीच पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सीमा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अभी तक पार्टी के स्तर पर इस प्रकार की कोई बात नहीं हुई है। हरपाल सीमा ने कहा कि विपक्ष ध्यान भटकने के लिए ऐसे मुद्दों को उठा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और ना ही वह किसी मुद्दे को उठा सकते हैं, इसलिए गुमराह करने के लिए ऐसे में मुद्दों को उठा रहे हैं।

‘क्या रेखा गुप्ता दिल्ली को वर्ल्ड क्लास शहर बना सकती हैं…’, जानिए क्या कहा इस बड़े उर्दू अखबार ने?

नई दिल्ली से चुनाव हारे हैं केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल 2013 से नई दिल्ली विधानसभा सीट से विधायक चुने जा रहे थे और दिल्ली के मुख्यमंत्री भी थे। 2025 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट से 4000 से अधिक वोटों से हरा दिया। यह आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के लिए बड़ा झटका था।

अरविंद केजरीवाल अभी किसी संवैधानिक पद पर नहीं है बल्कि वह पार्टी के संयोजक हैं। माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल जब राज्यसभा जाएंगे, तब पार्टी बीजेपी का आक्रामकता से मुकाबला करेगी। अरविंद केजरीवाल राज्यसभा में भी बीजेपी को घर सकते हैं और विपक्ष के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। हालांकि दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद अरविंद केजरीवाल एकदम शांत हैं।