राशि मिश्रा

Gujarat Election: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने 12 सितंबर को अहमदाबाद में 27 वर्षीय ऑटो रिक्शा चालक विक्रम दंतानी के घर रात का भोजन किया। इसके बाद से ही विक्रम दंतानी काफी सुर्खियों में हैं। दरअसल दंतानी का घर अहमदाबाद के घाटलोदिया विधानसभा क्षेत्र के देवीपूजक दंतानी नगर में है। खास बात यह है कि यह इलाका भाजपा का गढ़ माना जाता है और घाटलोदिया विधानसभा से खुद गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल प्रतिनिधित्व करते हैं।

बता दें कि घाटलोदिया विधानसभा गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में हैं और इस लोकसभा सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सांसद हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी राज्य के सीएम और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह के गढ़ को निशाने पर लिया है। कहा जा रहा है कि केजरीवाल ने यह संदेश देने के की कोशिश की है कि भाजपा के गढ़ में ही आप को लोग पसंद कर रहे हैं।

विक्रम दंतानी का क्या कहना है?

द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए ऑटो रिक्शा चालक विक्रम दंतानी ने कहा, “हम कई सालों से भाजपा को वोट करते आ रहे हैं। लेकिन हमने पिछले दो सालों में लॉकडाउन के दौरान सबसे खराब समय देखा। उस दौरान हमारी विधानसभा के विधायक या सरकार द्वारा हमें कोई आर्थिक लाभ, कोई सब्सिडी या किसी लाभकारी स्कीम की पेशकश नहीं की गई थी।”

विक्रम ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान सरकार की तरफ से हमें 5 किलो गेहूं का आटा और 1 किलो खाना पकाने का तेल, चना दाल और चना युक्त राशन का पैकेट दिया गया था। लेकिन यह सिर्फ एक बार था, इसके बाद लॉकडाउन के दौरान हमें कोई राशन नहीं दिया गया।

गौरतलब है कि दंतानी गुजरात में सामाजिक और शैक्षिक रूप से पिछड़ी जाति (SEBC) देवीपूजक समुदाय से आते हैं। ऐसे में राजनीतिक पार्टियां इस समाज को अपने पाले में लाने की कवायद में हैं। केजरीवाल के विक्रम दंतानी के घर खाना खाना से एक दिन पहले राज्य के सीएम भूपेंद्र पटेल ने रविवार को इस समुदाय के एक स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित किया था।

देवीपूजक दंतानी नगर में रहने वाले दंताणियों ने अभी तक भाजपा को वोट किया लेकिन कोविड लॉकडाउन और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए लोग अपनी पसंद पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर हैं। इसका असर ऐसे देख सकते हैं कि जब केजरीवाल डिनर के लिए विक्रम की ऑटो में सवार हुए तो ऑटो के ऊपर आम आदमी पार्टी के दो झंडे लहरा रहे थे।

वहीं 2022 विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को वोट करने को लेकर विक्रम का कहना है कि मुझें नहीं पता, क्योंकि समस्याएं हैं, लेकिन देखते हैं कि मौजूदा सरकार हमारे लिए क्या वादे करती है। अगर सरकार हम जैसे ऑटोरिक्शा चालकों के लिए कुछ लाभ की योजनाएं लेकर आती है, तो कुछ उम्मीद है।

विक्रम ने कहा कि हमारे इलाके में आस-पड़ोस के लगभग सभी लोग भाजपा को वोट देते रहे हैं। लेकिन इस बार यह तय नहीं है कि अबकी सरकार बनाने के लिए किसे चुना जाए। इस बार ऑटोरिक्शा चालक संघ भी स्पष्ट नहीं हैं। संघ की बैठक होगी, उसी में फैसला लिया जाएगा।