आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कहा कि हरेक जिले में बड़े पैमाने पर रेन शेल्टर स्थापित करने, जरूरतमंदों को ऊनी कपड़े और कंबल वितरित करने और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो फुटपाथों और रेलवे ट्रैक पर रहने के लिए मजबूर और जरूरतमंद लोगों को अस्थायी आवास प्रदान कर रहे हैं। साथ ही आज 100 दिनों से जोधपुर जेल में बंद सोनम वांगचुक पर लगाए गए एनएसए को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा।
आज की हर बड़ी खबर के लिए जनसत्ता के साथ जुड़े रहें।
राष्ट्र के प्रति जनरल सिन्हा का समर्पण हमारे लिए प्रेरणा- राजनाथ सिंह
लेफ्टिनेंट जनरल एस.के. सिन्हा के जन्म शताब्दी समारोह पर एक वीडियो संदेश में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "मैं लेफ्टिनेंट जनरल श्रीनिवास कुमार सिन्हा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है... सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका योगदान समाप्त नहीं हुआ। नेपाल में भारत के राजदूत के रूप में उन्होंने हमारे संबंधों को मजबूत किया।"
पीएम मोदी ने की बेंजामिन नेतन्याहू से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर कहा, "अपने मित्र, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात करके मुझे खुशी हुई। मैंने उन्हें और इजरायल के लोगों को नए साल की शुभकामनाएं दी। हमने आने वाले वर्ष में भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।"
मुफ्ती मोहम्मद सईद की पुण्यतिथि पर अनंतनाग पहुंचीं महबूबा
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती अपने पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद की पुण्यतिथि पर अनंतनाग में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचीं।
मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ की कार्रवाई - इंदर सिंह परमार
इंदौर में गंदे पानी से हुई मौतों पर मध्य प्रदेश के मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा, "मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की है। कैलाश जी इस मामले पर काम कर रहे हैं।"
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष ने अपने ही विधायक को भेजा नोटिस
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने विधायक प्रकाश भरसखाले को कारण बताओ नोटिस जारी कर अकोट में एआईएमआईएम के साथ पार्टी के गठबंधन पर जवाब मांगा है।
शिवसेना ने बीजेपी को घेरा
स्थानीय निकाय चुनावों के लिए अंबरनाथ में कांग्रेस और अकोट में एआईएमआईएम के साथ गठबंधन करने के बाद शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा, "आपको (मीडिया को) भाजपा से पूछना चाहिए कि उन्होंने ये गठबंधन कैसे बनाए। उनके (भाजपा के) नेताओं ने सत्ता के लिए ये गठबंधन बनाए होंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।"
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिया निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कहा, "हरेक जिले में बड़े पैमाने पर रेन शेल्टर स्थापित करने, जरूरतमंदों को ऊनी कपड़े और कंबल वितरित करने और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। आज गोरखपुर में मुझे बरगदवा और राप्ती नगर में रेन शेल्टर का निरीक्षण करने और जरूरतमंदों को ऊनी कपड़े वितरित करने का अवसर मिला। गोरखपुर महानगर क्षेत्र में कुल 19 रेन शेल्टर वर्तमान में कार्यरत हैं, जो फुटपाथों और रेलवे ट्रैक पर रहने के लिए मजबूर एक हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों को अस्थायी आवास प्रदान कर रहे हैं। ये सभी रेन शेल्टर सुरक्षित हैं और व्यवस्थित तरीके से संचालित किए जा रहे हैं।"
सभी अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा- दिल्ली मेयर
तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास एमसीडी द्वारा चलाए गए अतिक्रमण-विरोधी अभियान पर दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा, "एमसीडी ने अदालत के आदेश का पालन किया। रामलीला मैदान पर अवैध कब्जा था, जहां एक भोजघर चल रहा था। सभी अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा। हम जन कल्याण की बात करते हैं, वहीं कुछ धार्मिक लोग जनता को गुमराह करने और अफवाहें फैलाने की कोशिश करते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं (पत्थरबाजी) होती हैं। ऐसी घटनाओं का कोई असर नहीं होगा क्योंकि हम स्वच्छ दिल्ली चाहते हैं।"
अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान पांच लोग गिरफ्तार- मधुर वर्मा
तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास एमसीडी द्वारा चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के बारे में संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेंट्रल रेंज) मधुर वर्मा ने कहा, "पत्थरबाजों को दो-तीन मिनट के भीतर खदेड़ दिया गया, पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।"
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी बयान पर विधानसभा में जमकर हुआ हंगामा
दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही दूसरे दिन भी हंगामा के साथ शुरू हुई। शुरुआत के दौरान ही सत्ता पक्ष के सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी के मंगलवार को 350 में गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस पर सदन में हो रही चर्चा के दौरान दिए वक्तव्य को लेकर हंगामा किया और गुरु तेग बहादुर के अपमान को लेकर सदन में माफी मांगने की मांग उठाई। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और बहस हुई।
सत्ता पक्ष के सदस्यों ने वेल में आकर अध्यक्ष के आसन के सामने जमकर नारेबाजी की और आम आदमी पार्टी से मांग कि वो माफी मांगे। सदन की कार्यवाही पहली बार 11:15 बजे 10 मिनट के लिए स्थगित की गई। पुन: कार्यवाही शुरू होने के बाद सदन में एक बार फिर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने शोर शराबा किया और 'गुरुओं को अपमान नहीं, सहेगा हिंदुस्तान' को लेकर खूब नारेबाजी की। 11:25 पर पुन: शुरू हुई कार्यवाही के दौरान आम आदमी पार्टी के सदस्य अजय दत्त के विरोध पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने फिर जोरदार हंगामा शुरू किया और इसके बाद कार्यवाही को फिर 11:35 बजे आधा घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी को 1 घंटे के अंदर अपने वक्तव्य पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश भी दिए। कार्यवाही स्थगित होने के बाद भी सत्ता पक्ष के सदस्य सदन में नीचे बैठकर नारेबाजी करते रहे।
(इनपुट- भूपेंद्र पांचाल/जनसत्ता)
श्रीनगर के 10 जगहों पर टेरर फंडिग को लेकर छापेमारी
जम्मू और कश्मीर पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने बुधवार को श्रीनगर में 10 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की है, इसके अलावा, कश्मीर घाटी में कई और जगहों पर छापा मार कार्रवाई की गई है। यह छापेमारी साइबर धोखाधड़ी और टेरर फंडिग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले संदिग्ध फर्जी खातों के एक बड़े नेटवर्क के खिलाफ की गई है।
मणिपुर में दो महिलाएं अपहरण मामले में गिरफ्तार
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन में भर्ती के लिए तीन नाबालिगों का अपहरण करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि मणिपुर के थौबल जिले से प्रतिबंधित संगठन से जुड़ी दो महिलाओं को संगठन में भर्ती के लिए तीन नाबालिगों का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
आंध्र प्रदेश में एक बस में लगी आग
आंध्र प्रदेश में कोव्वुर फ्लाईओवर पर एक निजी बस में आग लग गई, यात्री बाल-बाल बच गए।
https://twitter.com/PTI_News/status/2008757308554441209?s=20
दो-तीन दिनों से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया- आईएमडी
आईएमडी के वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा ने राजस्थान के मौसम को लेकर कहा, "पिछले दो-तीन दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर से कम है, जिसके कारण दिन का तापमान 5-8 डिग्री सेल्सियस तक गिर रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर और घना कोहरा छाया हुआ है।"
पीएमके के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी एआईएडीएमके
पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास ने गठबंधन पर कहा, "आज मैंने एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी से मुलाकात की और तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ पट्टाली मक्कल कच्ची के गठबंधन की पुष्टि की। हम तमिलनाडु में एआईएडीएमके के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और सत्ता में आएंगे। तमिलनाडु की जनता सत्ताधारी पार्टी डीएमके से बहुत नाराज है। महिलाओं की सुरक्षा, किसानों में असंतोष है, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे भी हैं, हम भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे, डीएमके ने पिछले तीन चुनाव इसलिए जीते क्योंकि विपक्ष बिखरा हुआ था। अब हमारे पास एआईएडीएमके के नेतृत्व में एक मजबूत विपक्ष है और अधिक पार्टियां भी हमसे जुड़ेंगी।"
सरकार अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर कहा, "भारत सरकार अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही है। विदेश मंत्री समय-समय पर सरकार से उस पर वार्ता कर रहे हैं, अपना विरोध भी प्रकट कर रहे हैं। पूरा विदेश विभाग वहां की परिस्थितियों पर निगरानी में रखे हुए है... मैं समझता हूं कि भारत सरकार की कार्रवाई पर सभी को विश्वास रखना चाहिए।"
https://twitter.com/AHindinews/status/2008759356024909887?s=20
सोनम वांगचुक, अरावली समेत कई अहम मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में आज अरावली की सटीक परिभाषा और संरक्षण को लेकर सुनवाई होगी। वहीं, आवारा कुत्तों के काटने की घटनाओं और बढ़ रहे रेबीज के मामलों पर भी कोर्ट सुनवाई करेगा। साथ ही आज 100 दिनों से जोधपुर जेल में बंद सोनम वांगचुक पर लगाए गए एनएसए को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा।
इसके अलावा, आज सुप्रीम कोर्ट बांके बिहारी मंदिर से जुड़ी एक याचिका पर भी सुनवाई करेगा।
SIR Draft Voter List 2026 LIVE: 28 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए- कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा
उत्तर प्रदेश में एसआईआर पर अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, "राहुल गांधी ने बिहार में भी एसआईआर के खिलाफ आवाज उठाई थी। इससे आम मतदाता सतर्क हो गए हैं। पार्टियां भी सतर्क हो गईं और उन्होंने अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तैनात कर दिए। अब तक की प्रक्रिया में 28 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। शिकायतों और आपत्तियों पर एक महीने तक सुनवाई होगी। यह संख्या घट भी सकती है और बढ़ भी सकती है। हर नागरिक को अपने वोट के प्रति सतर्क रहना चाहिए।"
उमर अब्दुल्ला ने साधा बीजेपी और केंद्र पर निशाना
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम हर तरह की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं, लेकिन हालात बदलते रहते हैं और हमें कई तरह से परखते हैं। राज्य का दर्जा बहाल करना एक चुनौती है, आगामी बजट सत्र एक चुनौती है, और पर्यटन सीजन की सफलता भी एक चुनौती है। उन्होंने लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाकर बर्बाद कर दिया है। अब अगर वे जम्मू को भी उसी तरह बर्बाद करना चाहते हैं, तो वे जम्मू को अलग राज्य बना सकते हैं। वे लद्दाख को संभाल नहीं पाए। वे जम्मू को राज्य का दर्जा देने पर विचार कर रहे हैं क्योंकि उनका प्रशासन विफल हो गया है। क्या वे धर्म के आधार पर जम्मू को राज्य बनाना चाहते हैं?"
कब्र खोदेगी नारे वाले सभी लोग 'टुकड़े-टुकड़े गिरोह' का हिस्सा- भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली
जेएनयू परिसर में प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा, "कुछ गुमराह छात्र जेएनयू में 'मोदी-शाह तेरी कब्र खोदेगी' के नारे लगा रहे हैं। ये सभी लोग 'टुकड़े-टुकड़े गिरोह' का हिस्सा हैं। ये वे लोग हैं जो जीवन का मूल्य नहीं समझते। उन्हें लगता है कि इस तरह की बातें कहना बहुत फैशनेबल है। वे असल में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की मौत की मांग कर रहे हैं। फिर वे उम्मीद करते हैं कि सरकार इस पर ध्यान नहीं देगी। ये लोग उन लोगों के हमदर्द हैं जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने निष्पक्ष और विश्वसनीय कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत देने से इनकार कर दिया है।"
UP SIR Draft Voter List 2026 LIVE: अखिलेश यादव ने साधा निशाना
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा, "इससे पहले कि मतदाताओं का रोष आक्रोश बनकर आंदोलन का रूप ले ले, चुनाव आयोग मैनपुरी में SIR से कटे वैध नामों के लिए संज्ञान लेकर मतदाता सूची दुरुस्त कराए।"
UP SIR Draft Voter List 2026 LIVE: वोटर लिस्ट से कट गए 2 करोड़ 89 लाख नाम
नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 2 करोड़ 89 लाख नाम कट गए हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि 2 करोड़ 17 लाख ऐसे नाम वोटर लिस्ट में थे, जो अब दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। वहीं 46 लाख 23 हजार वोटर अब जिंदा नहीं है। चुनाव आयोग के अनुसार 25 लाख 47 हजार वोटरों के नाम एक से अधिक जगह दर्ज थे।
UP SIR Draft Voter List 2026 LIVE: 6 फरवरी तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि यदि किसी को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, हटाने या फिर कोई सुधार को लेकर शिकायत है, तो वह एक महीने यानी 6 फरवरी तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। वहीं 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि एक पोलिंग स्टेशन पर 1200 से अधिक वोटर नहीं होंगे। ऐसे में नए पोलिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं। इसी के लिए 6 दिन का समय निर्वाचन आयोग से लिया गया था। ऐसे में 15 हजार से अधिक पोलिंग स्टेशन बने हैं।
उत्तर प्रदेश में SIR के लिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पब्लिश हो गई है। उत्तर प्रदेश में कुल 12 करोड़ 55 लाख मतदाता हैं। वहीं 2 करोड़ 17 लाख मतदाता दूसरी जगह शिफ्ट हो गए।
'जी राम जी' कानून पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये मील का पत्थर साबित होगी, कांग्रेस ने देश के संसाधनों पर डाका डाला है। नए कानून से मजदूरों को फायदा होगा।
सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने सोनिया गांधी के हेल्थ अपडेट देते हुए कहा, "कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को कल रात करीब 10:00 बजे सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और चिकित्सकीय जांच में पता चला कि ठंड और प्रदूषण के मिले-जुले प्रभाव से उनका ब्रोंकियल अस्थमा थोड़ा बढ़ गया था। एहतियात के तौर पर उन्हें आगे की निगरानी और उपचार के लिए भर्ती किया गया। फिलहाल उनकी हालत बिल्कुल स्थिर है। इलाज का उन पर अच्छा असर हो रहा है और उन्हें एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाएं दी जा रही हैं। उनकी हालत में सुधार के आधार पर इलाज करने वाले चिकित्सक उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का फैसला लेंगे और यह फैसला एक-दो दिन में लिया जा सकता है।"
मुंबई जाने वाली ट्रेन में बम होने की खबर से हड़कंप मच गया है। पूरी ट्रेन खाली करवा ली गई है और सुरक्षाकर्मी ट्रेन की तलाशी में जुट गए हैं।
इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी में बाढ़ आया है, इसके वजह से 14 लोगों की मौत हो गई है और अभी 4 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता अशांति का साम्राज्य चला रहे- वीएचपी
बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं पर वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, "बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याएं रुक नहीं रही हैं। यह एक गंभीर मुद्दा है कि पिछले 18 दिनों में बांग्लादेश में 6 हिंदुओं की हत्या कर दी गई है। कल ही एक जहाज मालिक की हत्या कर दी गई। 40-50 साल की एक महिला जो अपने घर में बैठी थी, जिहादियों ने न केवल उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया बल्कि उसे जिंदा जला भी दिया...बांग्लादेश में इस तरह की कई हत्याएं हो रही हैं, तथाकथित नोबेल शांति पुरस्कार विजेता अशांति का साम्राज्य चला रहे हैं और मूक दर्शक बने हुए है।"

