भीषण गर्मी का सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत को जल्द इससे राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ बिहार, तेलंगाना के ऊपर केन्द्रित चक्रवातीय दबाव के कारण देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 23 मई से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाबा, दिल्ली, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में गरज चमक के साथ हल्की बारिश देखी जा सकती है। 26 मई तक ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।
आज येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को लू की चेतावनी जारी की है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली में नजफगढ़ इलाका सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री औऱ नोएडा में 43.6 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
23 मई से बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इस दौरान पारा गिरकर 36 डिग्री तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 23 और 24 मई मैदानी एवं मध्यवर्ती क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट व आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। इससे पारा गिरेगा और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 24 से 27 मई तक दिल्ली-एनसीआर और इसके आसपास के इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है।