देश के प्रमुख शहरों में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। मुंबई में बीती रात से रुक-रुक कर तेज बारिश जारी है। अंधेरी, गोरेगांव और सांताक्रूज जैसे इलाकों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। हाई टाइड की चेतावनी के चलते तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति है और लोगों को समुद्र किनारे जाने से मना किया गया है। शहर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट आज भी जारी है।

उधर, दिल्ली में सुबह से ही उमस और गर्मी का असर बना रहा। अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है, जबकि हवा में नमी के कारण गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने दोपहर बाद हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है, जिससे राहत मिल सकती है।

लखनऊ, पटना, शिमला और देहरादून का हाल

लखनऊ में भी उमस और बादलों की लुका-छिपी जारी है। सुबह तापमान 30 डिग्री के पार था और दोपहर तक यह 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, शाम को हल्की बारिश के आसार हैं। पटना में सुबह मौसम शुष्क रहा लेकिन दोपहर बाद गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। शिमला में सुबह ठंडी हवा और बादलों का डेरा रहा। दोपहर से शाम तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे तापमान 20 से 25 डिग्री के बीच बना रहेगा। देहरादून में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट है और कुछ इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पहाड़ों में फिसलन और तेज हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर देश के कई हिस्सों में आज बारिश, उमस और गरमी ने मिलकर मौसम को नमी और बदलाव से भर दिया है।

Live Updates
21:06 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: पिछले 24 घंटों में दर्ज की गई वर्षा

पिछले 24 घंटों में तटीय कर्नाटक, केरल और विदर्भ में भारी बारिश दर्ज की गई। ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, गोवा और पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश दर्ज की गई।

21:02 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: 30 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 43 जिलों में वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के दक्षिणी और बुंदेलखंड क्षेत्रों समेत कुल 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 43 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। यह स्थिति अगले तीन से चार दिनों तक बनी रह सकती है।

12:17 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: यूपी में आज मौसम शुष्क, अधिकतर जिलों में छाए बादल

आज यूपी में मौसम आज शुष्क है। अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं। तापमान लगभग 32 °C (89 °F) से शुरू होकर दोपहर तक बढ़कर 35 °C (96 °F) तक रहेगा। दोपहर से शाम तक मौसम आंशिक रूप से धूप वाला रहेगा और शाम को फिर बादल घिर सकते हैं। रात तक तापमान करीब 31 °C (87 °F) होगा।

11:34 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: मध्य प्रदेश में आज से तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान

मध्य प्रदेश में आज से तीन दिन तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य में लगातार पानी गिरने से नदियों में बाढ़ के हालात हैं।

10:31 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: रायपुर में तेज बारिश से शहर में जलभराव

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

10:23 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: आज यूपी के पूर्वी हिस्से में होगी तेज बारिश

यूपी में बारिश का दौर जारी है। 26 जुलाई को पूर्वी जिलों में तेज बारिश होगी। 28 और 29 जुलाई को पश्चिमी यूपी में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। फीरोज़ाबाद के टुंडला और जसराना, ललितपुर के पाली में 80 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम में और बदलाव संभव है।

10:03 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बिहार के 26 जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट

आज शनिवार को बिहार के 26 जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिमी व मध्य बिहार में 40 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों से खुले में न जाने और सावधानी बरतने की अपील की है।

09:24 (IST) 26 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: कर्नाटक के तटीय इलाकों में होगी भारी बारिश

कर्नाटक के तटीय इलाकों में अति भारी बारिश के आसार हैं। इससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

17:16 (IST) 25 Jul 2025
अगले दो दिन कहां – कहां होगी बारिश?

IMD ने कल वेस्ट मध्य प्रदेश, ईस्ट मध्य प्रदेश में और 27 जुलाई को वेस्ट मध्य प्रदेश व ईस्ट राजस्थान में बारिश का अनुमान जताया है।

16:13 (IST) 25 Jul 2025
कल कहां – कहां भारी बारिश का अनुमान?

भारतीय मौसम विभाग ने विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

15:50 (IST) 25 Jul 2025
Dilli ka Mausam LIVE: दिल्ली का मौसम कल कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, कल दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज/बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 से 36°C और 27 से 29°C के बीच रहने की संभावना है। 

14:41 (IST) 25 Jul 2025
Rajasthan Weather Forecast: दक्षिण पूर्वी राजस्थान में आज से बारिश का अनुमान

दक्षिण पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आज से ही भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 26 जुलाई से पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश होने का अनुमान है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में 27 जुलाई को कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में भारी व अतिभारी बारिश का दौर 28 से 31 जुलाई के दौरान जारी रहेगा। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। वहीं शुक्रवार सुबह तक के चौबीस घंटों के दौरान राज्य में अनेक जगह बारिश हुई।

14:39 (IST) 25 Jul 2025
Rajasthan Weather Forecast: राजस्थान में भारी बारिश का दौर फिर शुरू होने का अनुमान

एक नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से राजस्थान के अनेक हिस्सों में शुक्रवार से भारी बारिश का दौर फिर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अनेक जगह आगामी कुछ दिन भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आज तीव्र होकर अवदाब में बदल चुका है और इसके आगामी 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल के तटीय हिस्से तथा इसके सटे उत्तर ओडिशा, झारखंड की ओर आगे बढ़ने की संभावना है।

14:13 (IST) 25 Jul 2025
ओडिशा के मछुआरों को मौसम विभाग की सलाह

मछुआरों को 28 जुलाई तक उत्तरी ओडिशा तट के समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

14:10 (IST) 25 Jul 2025
ओडिशा का मौसम कैसा रहेगा?

IMD ने बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के अवदाब में तब्दील होने के कारण ओडिशा में शुक्रवार से 28 जुलाई तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान किया है।

13:14 (IST) 25 Jul 2025
What is Delhi AQI: दिल्ली का AQI कितना है?

दिल्ली में AQI 128 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

13:09 (IST) 25 Jul 2025
Dilli ka Mausam LIVE: दिल्ली में बारिश को लेकर क्या है अनुमान?

दिल्ली में शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाये रहे और मौसम उमस भरा रहा। IMD ने दिन में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।IMD ने दिन में बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।

12:51 (IST) 25 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली-एनसीआर में उमस से लोग परेशान

दिल्ली और पूरे एनसीआर में मौसम सामान्य बना हुआ है। गुरुवार की बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है, लेकिन उमस से लोग परेशान हैं।

11:50 (IST) 25 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: पटना में हो रही भारी बारिश, 10 जिलों में आरेंज अलर्ट

बिहार की राजधानी पटना में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बेगूसराय, समस्तीपुर, खगड़िया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, बांका और जमुई आदि शामिल हैं।

10:46 (IST) 25 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: मुंबई में लोगों को घरों में रहने की सलाह

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश के कारण पूरे शहर में जलभराव जैसे हालात बन गए हैं। इसके कारण कई अंडरपास बंद हैं। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।

10:30 (IST) 25 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को आईएमडी ने 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट फिर से किया गया है। इन जिलों में गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और जौनपुर शामिल है।

10:11 (IST) 25 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: भारी बारिश से मुंबई में अंधेरी Subway बंद

मुंबई में भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे बंद कर दिया गया है। मुंबई में आज ऑरेंज अलर्ट है, जबकि रायगढ़ और रत्नागिरी में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

09:57 (IST) 25 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: ग्वालियर में भारी बारिश के चलते जलभराव

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भारी बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई शहरों में तेज बारिश होने का अनुमान जताया है।

09:14 (IST) 25 Jul 2025
Aaj ka Mausam LIVE: मुंबई में तेज बारिश, समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी

बारिश से महाराष्ट्र में हालात खराब हो गए हैं। मुंबई में आज ऑरेंज अलर्ट है, जबकि रायगढ़ और रत्नागिरी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दोपहर 12:40 बजे समुद्र में 4.64 मीटर ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है। हालांकि शहर में अभी जलभराव की स्थिति नहीं है, लेकिन सुबह से तेज बारिश रुक-रुककर हो रही है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।