दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में चिलचिलाती गर्मी से लोग बेहाल हैं। शुक्रवार को तापामान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्काईमेट के मुताबिक यह दिल्ली में 2025 का सबसे अधिक तापमान था। पश्चिम से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं अभी तापमान को और अधिक बढ़ाएंगी। अगले दो दिन दिल्ली में लू चलने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी काफी अधिक रहेगी। इस दौरान 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अगले दो दिनों में पारा 42 डिग्री को भी पार कर सकता है।

बात राजस्थान की करें तो मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार शुक्रवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा तथा जयपुर व जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं लू का प्रकोप देखा गया। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए लू की चेतावनी जारी की है, जो 27 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान दिन में तेज धूप और शुष्क हवाएं चलने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान लगभग 27°C रहने की उम्मीद है, और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है, जिससे संवेदनशील लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ​देशभर के मौसम से जुड़े ताजा अपडेट्स के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…

आज की ताजा खबर | Pahalgam Terror Attack News LIVE

Live Updates
11:50 (IST) 26 Apr 2025
पंजाब में कैसा रहेगा का हाल

पंजाब में मौसम विभाग ने 4 दिन तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। 29 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, साथ ही कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। लुधियाना, एस.ए.एस. नगर, फतेहगढ़ साहिब, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, पटियाला, फाजिल्का, फरीदकोट, बरनाला, संगरूर, मानसा, बठिंडा और मुक्तसर में हीटवेव की चेतावनी जारी की है।

08:51 (IST) 26 Apr 2025
Aaj ka Mausam: आज और कल कैसा रहेगा मौसम का हाल

दिल्ली में अगले दो दिन लू चलने की संभावना जताई गई है। पश्चिम से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं तापमान को और बढ़ाएंगी, जिससे अगले दो दिनों तक लू चलेगी। दिन में लोग धूप में निकलते समय अधिक सावधानी बरतें। वहीं IMD ने बताया कि 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी काफी अधिक रहेगी।

07:47 (IST) 26 Apr 2025
Aaj ka Mausam: दिल्ली में बारिश कब होगी?

चिलचिलाती गर्मी के बीच दिल्ली में एक बार फिर हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। दिल्ली में अप्रैल के बीच में हल्की बारिश हुई थी। एक बार फिर मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि गर्मी के साथ-साथ चक्रवातीय हवाओं के सिस्टम की वजह से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि यह बारिश काफी हल्की होगी और इससे मामूली राहत मिलने के आसार है। इसे बाद एक बार फिर मौसम में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

16:42 (IST) 25 Apr 2025
यूपी में मौसम को लेकर क्या है अनुमान?

अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है और अगले 3 दिनों में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

16:41 (IST) 25 Apr 2025
कहां – कहां बढ़ेगा पारा?

अगले 7 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली, राजस्थान में अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है…

15:10 (IST) 25 Apr 2025
Aaj ka Mausam: असम में बारिश की भी संभावना

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 25-27 अप्रैल के दौरान असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा 28 और 29 अप्रैल को नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में और 25 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

15:08 (IST) 25 Apr 2025
Aaj ka Mausam: असम का मौसम कैसा रहेगा?

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तथा 25 अप्रैल को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी (50-60 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने) की संभावना है।

13:57 (IST) 25 Apr 2025
पूर्वोत्तर का मौसम कैसा रहेगा?

अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ छींटे, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से 60 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने वाली तेज हवाओं के साथ व्यापक रूप से व्यापक रूप से हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

13:07 (IST) 25 Apr 2025
कहां-कहां हीटवेव का अलर्ट?

मौसम विभाग के अनुसार, 25-30 अप्रैल के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान, 25-27 अप्रैल के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, 25-26 अप्रैल के दौरान उत्तर प्रदेश, विदर्भ, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, 25-29 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा, 25 अप्रैल को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है।

12:11 (IST) 25 Apr 2025
गुजरात में कैसा रहेगा मौसम?

मई के पहले हफ्ते के कुछ दिनों में गुजरात राज्य और राजस्थान और उससे सटे पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलने की संभावना कम है।

11:39 (IST) 25 Apr 2025
दिल्ली का अधिकतम तापमान कितना रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 239 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

10:53 (IST) 25 Apr 2025
राजस्थान का तापमान क्या है?

कल राजस्थान में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। राज्य में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान बाड़मेर में 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अनुसार आगामी 2-3 दिन में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना है। 25 से 30 अप्रैल को राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं लू चल सकती है।

10:46 (IST) 25 Apr 2025
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

राजस्थान के अधिकतर भाग भीषण गर्मी की चपेट में है और यह दौर अभी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों में राज्य के अनेक हिस्से लू की चपेट में रहेंगे।

10:19 (IST) 25 Apr 2025
मई में मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, मई के पहले हफ्ते में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत, राजस्थान, गुजरात और ओडिशा के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में यह सामान्य के करीब या सामान्य से कम रहने की संभावना है।

09:36 (IST) 25 Apr 2025
Aaj Ka Mausam: प्रयागराज, मिर्जापुर और वाराणसी समेत कई शहरों में लू का असर

आज प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम साफ रह सकता है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में उष्ण लहर यानी लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र और वाराणसी जैसे जिलों में लू का असर दिख सकता है। जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और कानपुर समेत कई इलाकों में भी तेज गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

09:32 (IST) 25 Apr 2025
Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में तेज धूप से बेहाल लोग, जून-जुलाई में और बढ़ेगी गर्मी

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। दिन में तेज धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून-जुलाई में गर्मी का प्रकोप और तेज हो सकता है। लोग केवल बेहद जरूरी कामों के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। आने वाले दिनों में भी गर्मी का यह सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि 27 अप्रैल से बारिश की एक हल्की फुहार की उम्मीद जताई गई है।

09:30 (IST) 25 Apr 2025
Aaj Ka Mausam: यूपी में बढ़ गई है उमस, तेज हवा से थोड़ी राहत

उत्तर प्रदेश, दिल्ली और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में मौसम विभाग ने नई चेतावनियां जारी की हैं। बीते दिन उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा और हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन उमस बढ़ गई।