उत्तर भारत में मानसून इस समय बड़ी चुनौती बन गया है। दिल्ली से लेकर उत्तराखंड तक बारिश और बाढ़ का असर साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली-एनसीआर में लगातार हुई भारी बारिश अब धीमी पड़ रही है, लेकिन यमुना का जलस्तर खतरे से ऊपर है और कई इलाकों में पानी घुस चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले हफ्ते बारिश फिर तेज हो सकती है। उत्तराखंड में हालात सबसे खराब हैं। नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत समेत कई जिलों में येलो अलर्ट है। अब तक 373 सड़कें बंद हो चुकी हैं और करोड़ों की क्षति हुई है। गंगोत्री और बद्रीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी ने लोगों को और चौकाया है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में तबाही मच चुकी है। पिछले 10 दिनों में 40 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। भूस्खलन और टूटी सड़कों से आवाजाही ठप हो गई है। पंजाब में बाढ़ का कहर जारी है। करीब 1500 गांव डूबे हुए हैं, 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 15 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। हरियाणा में भी बारिश ने हालात बिगाड़े हैं। खेतों में पानी भर गया है और कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। आईएमडी का अनुमान है कि 5 सितंबर तक उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा। हालांकि 7 सितंबर के बाद फिर से बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। साफ है कि उत्तर भारत में राहत अभी दूर है, लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली के सिविल लाइंस में सड़क पर भरा बारिश का पानी
दिल्ली में दो दिन की भारी बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे सिविल लाइंस समेत कई इलाके बाढ़ और जलभराव की चपेट में हैं।
Aaj ka Mausam LIVE: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में नदियां और नाले उफान पर
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में नदियां और नाले उफान पर हैं। कई जगह भूस्खलन होने से हालात और खराब हो गए हैं। उधमपुर की डीसी सलोनी राय ने संवेदनशील क्षेत्रों में जान माल की हानि को रोकने के लिए कदम उठाने की बात कही हैं।
दिल्ली में उफनाई यमुना नदी का पानी राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में घुसने से गंभीर जलभराव हो गया। इससे कई जगह ट्रैफिक में भी दिक्कत आईं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पंजाब के बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा करेंगे। वे अमृतसर एयरपोर्ट पर राज्यपाल और कृषि मंत्री से मुलाकात करेंगे और सुबह 10 बजे अमृतसर, कपूरथला और गुरदासपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए रवाना होंगे।
जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में लगातार भारी बारिश के कारण चिनाब नदी पूरे उफान पर है। इससे राज्य के कई इलाकों में भारी बाढ़ के हालात हैं।
Aaj ka Mausam LIVE: मध्य प्रदेश के कई शहरों में आज भारी बारिश होगी
मध्य प्रदेश के कई शहरों में आज भारी बारिश का अनुमान है। खंडवा, हरदा, देवास और सीहोर, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर में अति भारी बारिश होने का अलर्ट है।
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली के कई इलाकों में NDRF की टीम तैनात
दिल्ली में भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। कई इलाके में NDRF की टीम तैनात है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कल दिल्ली में ज़्यादातर आसमान में बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री कम और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम रह सकता है।
कुरुक्षेत्र के शाहबाद मारकंडा में दो लोगों की मौत
कुरुक्षेत्र के अमर विहार कॉलोनी में भारी बारिश के कारण बुधवार तड़के एक कमरे की छत ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शाहाबाद थाने के प्रभारी सुनील कुमार दत्त के अनुसार, घटना के समय उत्तर प्रदेश स्थित प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र के छह मजदूर कमरे में सो रहे थे। हादसे के बाद संदीप और कुलदीप नाम के दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मूसलाधार बारिश की वजह से उफनती मारकंडा नदी के पानी से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं।
Mohali Alert: घग्गर नदी के किनारे रहने वालो लोगों को सतर्क रहने को कहा गया
एसएएस नगर (मोहाली) के जिला प्रशासन ने घग्गर नदी के किनारे रहने वालो लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
Anandpur Sahib Alert: ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया
श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। अधिकारियों ने कहा कि ये गांव बुर्ज, चांदपुर बेला, गजपुर बेला, शाहपुर बेला, निक्कूवाल, अमरपुर बेला, लोधीपुर हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा शिविर स्थापित कर दिए हैं और सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं।
Punjab Roopnagar Alert: सतलुज के आसपास के निवासियों के लिए अलर्ट
पंजाब के रूपनगर जिला प्रशासन ने बुधवार को सतलुज नदी के पास रहने वाले स्थानीय लोगों को सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि हिमाचल प्रदेश में भाखड़ा बांध के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के बाद बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। सुबह छह बजे भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,677.84 फुट था, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 1,680 फुट है। बांध में 86,822 क्यूसेक पानी पहुंचा जबकि 65,042 क्यूसेक छोड़ा गया था।
जम्मू में भारी बारिश से मकान ढहा
जम्मू में भारी बारिश के कारण एक पुराने मकान के ढहने से उसमें फंसे तीन लोगों को बुधवार को सुरक्षित बचा लिया गया। यह घटना पक्का दांगा क्षेत्र के काली झानी मोहल्ला में हुई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और स्थानीय निवासियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दिल्ली एनसीआर में बारिश
दिल्ली एनसीआर में झमाझम बारिश हो रही है। नोएडा सेक्टर दस में भी तेज बारिश हो रही है।
पंंजाब में स्कूल, कॉलेज सात सितंबर तक बंद रखने की घोषणा
पंजाब सरकार ने बुधवार को राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को सात सितंबर तक बंद रखने की घोषणा की। इस संबंध में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की।
Chandigarh Weather Update: सुखना झील के दो गेट खोले गए
चंडीगढ़ में सतत वर्षा के चलते सुखना झील के तीन में से दो द्वारों (फ्लडगेट्स) को अलग-अलग समय पर खोला गया ताकि अतिरिक्त पानी को सुखना चोए के माध्यम से छोड़ा जा सके। ये द्वार सामान्यत: तब खोले जाते हैं जब जलस्तर खतरे के निशान 1,163 फुट को पार कर जाता है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने बुधवार को भी केंद्र शासित प्रदेश के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
Punjab Haryana Weather: पंजाब, हरियाणा में एक बार फिर मूसलधार बारिश
बाढ़ की चपेट में आए पंजाब और उसके पड़ोसी राज्य हरियाणा के कई हिस्सों में एक बार फिर मूसलधार बारिश हुई, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और जनजीवन प्रभावित हुआ है। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को सुबह 8.30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान दोनों राज्यों के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई।
Aaj ka Mausam LIVE: पंजाब में बाढ़ के हालात बिगड़े, शिवराज सिंह चौहान कल करेंगे दौरा
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को पंजाब का दौरा करेंगे। उनका यह दौरा हाल ही में आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए है। लगातार बारिश और बाढ़ ने राज्य में हालात बेहद खराब कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल आज प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। खराब हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूल और कॉलेजों की छुट्टियां 7 सितंबर तक बढ़ा दी हैं।
Aaj ka Mausam LIVE: राजस्थान में बारिश और जलभराव से हालात खराब
राजस्थान में बारिश और जलभराव से कई जिलों में दिक्कतें बढ़ गई हैं। जयपुर में दो घंटे की तेज बारिश से पॉश इलाके जलमग्न हो गए और कई स्थानों पर बिजली ठप रही। कोटा के दरा स्टेशन के पास लैंडस्लाइड से ट्रेनों की आवाजाही रुकी, वहीं नेशनल हाईवे पर पानी भरने से ट्रैफिक प्रभावित रहा। दौसा में पुलिस वैन हादसे में दो जवान घायल हुए, जबकि सीकर और बांदीकुई में भी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।
Aaj ka Mausam LIVE: तेज बारिश के कारण पूरे उफान पर चिनाब नदी
जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में लगातार और तेज बारिश के कारण चिनाब नदी पूरे उफान पर है। इससे कई शहरों में पानी आवासीय इलाकों में आ गया है।
Aaj ka Mausam LIVE: श्रीनगर में लगातार बारिश से झेलम नदी का जलस्तर बढ़ा
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में लगातार बारिश के बाद झेलम नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। राज्य में प्राकृतिक आपदा और बाढ़ के कारण काफी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं।
हरियाणा और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में लगातार भारी बारिश के कारण आवासीय क्षेत्रों में गंभीर जलभराव हो गया है। अंबाला में पानी घरों में घुस गया है।
Aaj ka Mausam LIVE: अमृतसर में जलभराव होने से लोगों को हो रही हैं भारी दिक्कतें
भारी बारिश के बाद पंजाब के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं। अमृतसर के अजनाला स्थित गग्गू महल गांव में सड़कों पर जलभराव होने के कारण लोग पानी से होकर गुजरने को विवश हैं।
Aaj ka Mausam LIVE: हिमाचल में भारी तबाही, सुंदरनगर में पहाड़ गिरने से दो घर ढहे, 5 की मौत
हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हालात बिगड़े हुए हैं। ताजा हादसा सुंदरनगर के जंगमबाग में हुआ, जहां पहाड़ दरकने से दो घर मलबे में दब गए। इस दुखद घटना में मां-बेटी और एक बुजुर्ग समेत पांच लोगों की मौत हो गई। प्रशासन राहत-बचाव में जुटा है।
Aaj ka Mausam LIVE: बरेली में तेज बारिश से बिगड़े हालात, तीसरे दिन भी स्कूलों में अवकाश
भारी बारिश और जलभराव से बरेली जिले में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह ने बुधवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी और बोर्ड स्कूलों में अवकाश घोषित किया। लगातार तीसरे दिन बारिश के चलते स्कूल बंद किए गए हैं।
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 के पास बनाया गया राहत शिविर
दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 के पास राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां यमुना की बाढ़ प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से ठहराया गया है।
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
लगातार हो रही बारिश के बाद दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और अब यह खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। नदी के जलस्तर में इज़ाफ़े के चलते लोहा पुल के आसपास के निचले इलाकों पर सबसे ज़्यादा खतरा मंडरा रहा है। हालात को गंभीर मानते हुए राहत और बचाव दल सक्रिय हो गए हैं।
Aaj ka Mausam LIVE: करनाल में हो रही झमाझम बारिश
हरियाणा के करनाल में झमाझम बारिश हो रही है। शहर के कई इलाकों में पानी गिरने से मौसम सुहाना हो गया है।
Aaj ka Mausam LIVE: पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ग्रस्त घोषित, कई गांव डूबे
पंजाब की हालत सबसे गंभीर है। हिमाचल से लगातार पानी आने से राज्य के सभी 23 जिले बाढ़ग्रस्त घोषित कर दिए गए हैं। भाखड़ा बांध का जलस्तर 1677 फीट तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से महज तीन फीट नीचे है। कई गांव डूब चुके हैं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
Aaj ka Mausam LIVE: अलीगढ़, मथुरा, आगरा, सहारनपुर, मेरठ, बागपत, इटावा में भारी बारिश की चेतावनी
यूपी में बारिश का दौर फिर लौट आया है। मौसम विभाग ने अलीगढ़, मथुरा, आगरा, औरैया, मेरठ, बागपत, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, ज्योतिबफ़ुले नगर, संभल, बदायूं, एटा, महामायानगर और इटावा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।