पहाड़ी प्रदेशों में बर्फबारी और उत्तर के मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश से सर्दी के बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे में उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। इसमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी शामिल है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले दो दिन घने कोहरे का अनुमान है।

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी शनिवार को बारिश के आसार है। हालांकि, सुबह के समय तापमान में कमी आएगी जिससे कड़ाके की ठंड पड़ेगी। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शुक्रवार को शहर में हल्की से मध्यम बारिश हुई, आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं।

यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश और बिहार में भले ठंड कुछ हद तक कमजोर पड़ी थी, लेकिन अब कोहरा बड़ी समस्या बनेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि अधिकतम 23 से 26 डिग्री तक जा सकता है। 26 से 28 जनवरी के बीच हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

ये भी पढ़ें: कल दिल्ली में बारिश होगी या नहीं? जानिए आपके राज्य में मौसम कैसा रहेगा

पंजाब और हरियाणा में कोहरे का अनुमान

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो दिन घने कोहरे का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन शीत लहर चलने की संभावना है। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में साल का पहला हिमपात हुआ, जिससे कड़ाके की ठंड वापस लौट आई। हिमाचल प्रदेश के शिमला में करीब तीन महीने बाद मौसम की पहली बर्फबारी हुई, जिसके बाद पर्यटक खुश नजर आए।

उत्तराखंड में बर्फबारी

उत्तराखंड की अलग-अलग जगहों पर हो रही बर्फबारी से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों के चेहरे भी खिल गए हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मसूरी, चकराता, धनोल्टी, उत्तरकाशी सहित अनेक जगहों पर हो रही बर्फबारी से सड़कें, पेड़ और मकान सब सफेद चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं। बर्फबारी से सेब उत्पादकों सहित बागवानों के चेहरे भी खिले नजर आ रहे हैं जो लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। मौसम विभाग ने प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।