Road Accident in Kerala: केरल के पलक्कड़ जिले के वडक्कनचेरी में गुरुवार (6 अक्टूबर 2022) को केएसआरटीसी की एक बस के टूरिस्ट बस से टकरा जाने से 9 लोगों की मौत हो गयी और 38 लोग घायल हो गए। पर्यटक बस एर्नाकुलम जिले में बसेलियोस विद्यानिकेतन के छात्रों और शिक्षकों को लेकर ऊटी जा रही थी।

केरल के राज्य मंत्री एमबी राजेश ने जानकारी दी कि पलक्कड़ जिले के वडक्कनचेरी में केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 घायल हो गए। पर्यटक बस जहां बसलियोस विद्यानिकेतन स्कूल के छात्रों और शिक्षकों को लेकर एर्नाकुलम से ऊटी की ओर जा रही थी, वहीं केएसआरटीसी की बस कोयंबटूर की ओर जा रही थी।

पांच लोग गंभीर रूप से घायल: मृतकों में केएसआरटीसी बस में सवार पांच छात्र, एक शिक्षक और तीन यात्री शामिल हैं। कुल 38 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य मंत्री एमबी राजेश ने बताया कि दुर्घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। फिलहाल इस बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 544 (NH-544) पर हुआ।

मुंबई में सड़क हादसा: महाराष्ट्र के मुंबई में बुधवार सुबह बांद्रा वर्ली सी लिंक पर एक एंबुलेंस और चार कारों में टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई थी और करीब आठ लोग घायल हुए थे। हादसे में घायल सभी 13 लोगों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया था। बी वाई एल नायर अस्पताल ले जाए गए 10 में से पांच लोगों को भर्ती से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया था।

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में खाई में गिरी थी बस: इससे पहले उत्तराखंड के पौड़ी जिले में मंगलवार की रात बारात लेकर जा रही बस खाई में गिर गई थी। घटना पौड़ी गढ़वाल जिले के सिमड़ी गांव के पास रिखनीखाल-बिरोखल मार्ग पर हुई थी। बस में करीब 45 से 50 लोग सवार थे। धूमाकोट में हुए इस बस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, पुलिस और एसडीआरएफ ने रात में 21 लोगों को बचाया था। डीजीपी अशोक कुमार के मुताबिक बस 500 मीटर नीचे खाई में गिरी थी।