दिल्ली में शनिवार को कोरोना से 79 और मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि शनिवार को कोविड-19 के 6,953 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,30,784 हो गई। शहर में अभी 40,258 मरीजों का इलाज चल रहा है।
यहां अब तक कुल 3,83,614 लोग संक्रमित हो चुके हैं। बुलेटिन के मुताबिक शनिवार को कुल 15,409 आरटी-पीसीआर और 42,024 रैपिड एंटीजन जांच की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में संक्रमण के नए मामलों में से 77 फीसद 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं।
इनमें दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान हैं। केरल में शुक्रवार को संक्रमण के 7,002 नए मामले आए, वहीं महाराष्ट्र में एक दिन में 6,870 नए मामले सामने आए। मंत्रालय के अनुसार, 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 50,356 नए मामले सामने आए हैं, वहीं इसी अवधि में 53,920 लोग संक्रमण से उबर गए।
बताया कि भारत में रोजाना कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले रोगियों की संख्या पिछले पांच सप्ताह से संक्रमण के रोजाना के नए मामलों से ज्यादा है और इसने उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम करने में योगदान दिया है जो इस समय 5.16 लाख मामले या अब तक सामने आए कुल मामलों का 6.11 फीसद है।
पिछले पांच सप्ताह में कोविड-19 के रोजाना सामने आने वाले औसत नए मामलों में लगातार कमी आई है। औसत दैनिक नए मामले घटकर 46,000 हो गए हैं जबकि अक्तूबर के पहले सप्ताह में औसत दैनिक नए मामले 73,000 से अधिक थे। मंत्रालय के अनुसार, देश में ठीक हुए कुल मरीजों की संख्या 78,19,886 है। जिसके कारण राष्ट्रीय स्तर पर रोगियों के स्वस्थ होने की दर 92.41 फीसद तक हो गई है। ठीक हुए मामलों और इलाज करा रहे रोगियों के बीच वर्तमान में अंतर 73,03,254 है। उसने कहा कि ठीक हुए 79 फीसद नए मरीज 10 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के हैं।
महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक रोगी ठीक हो रहे हैं। यहां 11,060 मरीजों के ठीक होने से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 15,62,342 हो गई है। राष्ट्रीय रुख को देखते हुए, 18 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में राष्ट्रीय औसत के मुकाबले रोगियों के संक्रमणमुक्त होने की दर अधिक होने की जानकारी प्राप्त हुई है।
पिछले 24 घंटे में 577 मरीजों की संक्रमण से मौत हुई है। इनमें से लगभग 83 फीसद मौत दस राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में हुई हैं। मौत के 27.9 फीसद से अधिक नए मामले महाराष्ट्र से (161 मौत) सामने आए।

