गुजरात के 40 डॉक्टरों ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा में शामिल होने वाले डॉक्टरों में कई जाने-माने डॉक्टर भी शामिल हैं। गुजरात भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी की मौजूदगी में ये डॉक्टर मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में हुए एक कार्यक्रम में पार्टी में शामिल हुए। बता दें कि भाजपा इन दिनों पंजीकरण अभियान चलाकर लोगों को अपने साथ जोड़ रही है।
जिन डॉक्टरों ने भाजपा की सदस्यता ली है, उनमें पद्म पुरस्कार विजेता कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर तेजस पटेल और न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर सुधीर शाह भी शामिल हैं। इनके अलावा कैंसर सर्जन डॉक्टर कौस्तुभ पटेल, आंखों के सर्जन डॉक्टर आशीष नागपाल, स्पाइन सर्जन डॉक्टर अरविंद गोसाई और कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर समीर दानी शामिल हैं।
इस दौरान डॉक्टर सुधीर शाह ने कहा कि वह भाजपा में शामिल होकर काफी गर्व महसूस कर रहे हैं। डॉक्टर शाह ने कहा कि भाजपा की विचारधारा देश की संप्रभुत्ता की रक्षा करना, धर्म की परंपरा को आगे ले जाना, अध्यात्म और संस्कृति को बढ़ावा देना है। डॉक्टर शाह ने सरकार के जम्मू कश्मीर पर लिए गए हालिया फैसले पर भी खुशी जतायी और इसे अभूतपूर्व फैसला बताया।
वहीं डॉक्टर तेजस पटेल ने कहा कि उन्होंने आजादी की लड़ाई के बारे में खूब पढ़ा है और उस वक्त गुजरात के दो नेता महात्मा गांधी और सरदार पटेल ने देश का नेतृत्व किया था। वहीं आज 72 साल बाद भी गुजरात के दो नेता नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि गुजरात की धरती में आज भी वह खासियत मौजूद है।
[bc_video video_id=”6072270375001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
वहीं इस मौके पर गुजरात भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघानी ने कहा कि यह पार्टी के लिए गौरव की बात है कि इतने बड़े और मशहूर डॉक्टर पार्टी की विचारधारा का समर्थन कर रहे हैं। बता दें कि भाजपा ने बीती 6 जुलाई को अपने पंजीकरण अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत पार्टी ने 2 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया था।
खबर के अनुसार, अभी तक इस अभियान के तहत भाजपा 2.20 करोड़ लोगों को अपने साथ जोड़ चुकी है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि लोगों से मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए पंजीकरण अभियान को 20 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला किया गया है। इससे पहले यह अभियान 11 अगस्त तक चलना था।

