दिल्ली में बेघर व्यक्तियों को लेकर चौकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। दिल्ली व आसपास करीब तीन लाख लोग बेघर हैं। ये वो लोग हैं जो बरसात में भी आश्रय के बिना खुले में रहने के लिए मजबूर हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और वृद्ध भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, दिल्ली में बेघरों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ये आंकड़ें शहरी अधिकार मंच की ओर से मुहैया कराए गए हैं। अगस्त के आखिर में शहरी अधिकार मंच (एसएएम-बीकेएस) ने बेघर व्यक्तियों की गणना की।

बेघरों के बीच करीब डेढ़ दशक से काम करने वाले इस संगठन की रपट बताती है कि उनकी टीम ने इस गणना अभियान के दौरान रात में दिल्ली की तमाम सड़कों, मुहल्लों, फ्लाईओवरों, गुरुद्वारों, बाजारों, रेलवे की खाली पड़ी जमीनों, पार्क-मैदानों का दौरा किया और दिल्ली की सड़कों पर रहने वाले 154,369 व्यक्तियों की गणना की गई। साथ ही दावा किया कि यह आंकड़ा दोगुने से ज्यादा है जो तीन लाख को पार करते हैं। क्योंकि दिल्ली की बेघर आबादी के कई हिस्सों को नहीं गिना जा सका। मसलन, दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों जैसे पुरानी दिल्ली में देर रात तक काम करने वाले बेघर व्यक्तियों की एक बड़ी संख्या की गिनती नहीं की जा सकती है।

190 से ज्यादा आश्रयों में रात बिता रहे बेघर

नतीजतन,दिल्ली व आसपास में सड़कों पर रहने वाले बेघर व्यक्तियों की वास्तविक संख्या कुल संख्या से दोगुनी या 3 लाख से अधिक है। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआइबी) द्वारा संचालित 190 से अधिक आश्रयों में रातों की गिनती के दौरान अतिरिक्त 5,108 बेघर व्यक्तियों को दर्ज किया गया, जो अस्थायी सरकारी आश्रय घरों में रहे रहे हैं।

पहले भी समय समय पर राजधानी में बेघर लोगों की गणना की जाती रही है, लेकिन नए सर्वे में एसएएम-बीकेएसका दावा है कि यह स्थिति दिन प्रतिदिन खराब हुई है। 2000 में आश्रय अधिकार अभियान ने दिल्ली में बेघर व्यक्तियों की संख्या 100,000 बताई थी। फिर 2008 में नागरिक समाज संगठनों द्वारा आयोजित गणना में यह संख्या 150,000 के तौर पर सामने आई।

2001 में ऐसी थी स्थिति

2001 की जनगणना के अनुसार दिल्ली में 24,966 बेघर थे। 2011 की जनगणना के अनुसार दिल्ली में 46,724 बेघर लोग यहां रह रहे थे। ये बेघर आबादी दिल्ली के जिन इलाको में ज्यादा हैं उनमें रघुबीर नगर, चांदनी चौक, दिल्ली गेट, कमला मार्केट, आजादपुर मंडी, यमुना पुश्ता, गाजीपुर पेपर मार्केट, गाजीपुरमंडी, शामिल हैं।