देश में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के ऐलान के बाद से लोगों को 20 करोड़ से ज्यादा तिरंगे बांटे गए हैं। संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार (12 अगस्त) को इस बात की जानकारी दी। सरकार ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की है। जिसके बाद से तिरंगे की मांग में तेजी आई है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जुलाई को देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अपील की थी। संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि अभियान की घोषणा के बाद से देशवासियों को 20 करोड़ से अधिक तिरंगे उपलब्ध कराए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि झंडा संहिता में संशोधन हो जाने से भी तिरंगे की मांग में तेजी आई है। दरअसल, सरकार ने झंडा संहिता में संशोधन करके इसे घरों और निजी परिसरों में भी दिन-रात फहराने की अनुमति दे दी है।

घरों में तिरंगा फहराने की अपील: आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सरकार, संस्कृति मंत्रालय, विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों ने लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की है। मंत्रालय, अभियान की वेबसाइट के माध्यम से लोगों को अपने घरों में झंडा फहराने के सही तरीके बता रहा है। साथ ही उनसे इंटरनेट पर तिरंगे के साथ सेल्फी लेने का आग्रह कर रहा है।

पीएम मोदी ने 31 जुलाई को कहा था कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ एक जन आंदोलन में बदल रहा है और लोगों से अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइल पिक्चर के रूप में ‘तिरंगा’ लगाने का आग्रह किया था।

पीएम मोदी ने की थी अपील: प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा था कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत, 13 से 15 अगस्त तक, ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का हिस्सा बनकर 13 से 15 अगस्त तक, आप अपने घर पर तिरंगा जरूर फहराएं, या उसे अपने घर पर लगायें।” उन्होंने इसके साथ यह भी सुझाव दिया कि लोग 2 से 15 अगस्त तक अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में तिरंगा लगाएं।