दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे के टर्मिनल वन के पास एक निर्माण स्थल पर दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह मजदूर घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज कर ली है और घटना की जांच की जा रही है। जैसे ही हादसे की जानकारी स्थानीय प्रशासन को मिली तुरंत पुलिस छानबीन में जुट गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बता दें कि दिल्ली में पिछले 2 दिनों से बारिश हो रही है। इसी कारण राहत और बचाव कार्य में प्रशासन को परेशानी भी झेलनी पड़ी।

दिल्ली पुलिस के अनुसार ये हादसा शनिवार रात को हुआ। रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि टर्मिनल-1 के पास निर्माण कार्य के दौरान कुछ मजदूर ऊंचाई से गिरकर घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। 30 वर्षीय विकास पुत्र केशव राम नाम के मजदूर को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि दूसरे मजदूर 19 वर्षीय मनोज पुत्र पप्पू की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 337/304 A के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ठेका पाने वाली कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ भी कर सकती है।

पटना एयरपोर्ट पर भी घटी थी घटना

वहीं कुछ दिनों पहले बिहार की राजधानी पटना एयरपोर्ट पर भी ऐसा ही हादसा हुआ था। पटना एयरपोर्ट परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में भी दो मजदूरों की मौत हो गई थी। यहां भी लापरवाही की बात सामने आई थी।

बता दें कि 30 सितंबर को सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह का एक हादसा हुआ था। एक निर्माण स्थल पर लैंडस्लाइड होने से एक मजदूर करीब 40 फीट गड्ढे में फंस गया था। हालांकि फायर डिपार्टमेंट ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला था और अस्पताल में मजदूर की मृत्यु हो गई थी।

सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर निर्माण का काम चल रहा था और निर्माण स्थल पर शमशेर नाम का एक मजदूर काम कर रहा था। अचानक सुबह 6:30 बजे लैंडस्लाइड होती है और मजदूर मलबे में फंस जाता है।