कोरोना के पहले लॉकडाउन में 12 केंद्रीय मंत्रियों या उनके परिवारों ने प्रॉपर्टी खरीद की जानकारी दी है। घर से लेकर जमीन तक में इन्होंने इन्वेस्ट किया है। ये जानकारी इन्होंने खुद अपनी संपत्ति को सार्वजनिक करते हुए पीएमओ कार्यालय को दी है।
78 सदस्यीय मंत्रिमंडल में, जिन मंत्रियों ने वित्तीय वर्ष 2020-21 में संपत्ति की खरीद की घोषणा की है, उनमें तीन कैबिनेट मंत्री शामिल हैं – विदेश मंत्री एस जयशंकर, महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, और जहाजरानी-आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल। इसके साथ ही नौ राज्य मंत्री का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है।
पीएमओ के अनुसार कुल 12 मंत्रियों ने संपत्ति खरीद की जानकारी दी है। इसमें सात कृषि भूमि सहित 21 संपत्ति खरीद की घोषणा की गई। केंद्रीय मंत्री ईरानी और पांच राज्य मंत्रियों ने अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में संपत्ति खरीदी है। 12 मंत्रियों के अलावा, कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह और उनकी पत्नी ने इस दौरान दो संपत्तियों की बिक्री की सूचना दी, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष में घोषित “संपत्ति की लागत” के लगभग चार गुना और छह गुना से अधिक थी।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने साउथ दिल्ली के वसंत विहार में 3.87 करोड़ रुपये में 3,085.29 वर्ग फुट की दूसरी मंजिल का अपार्टमेंट खरीदा है। वहीं ईरानी ने अपनी लोकसभा क्षेत्र अमेठी में एक संपत्ति को खरीदने की सूचना दी है। ईरानी ने 19 फरवरी, 2021 को मेदान मवई गांव में 12.11 लाख रुपये के “वर्तमान मूल्य” पर 0.1340 हेक्टेयर जमीन का प्लॉट खरीदा है।
असम के पूर्व मूख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस साल फरवरी में डिब्रूगढ़ में तीन संपत्तियों की खरीद की सूचना दी है। तब वह असम के मुख्यमंत्री थे। सोनोवाल के अनुसार उन्होंने मनकोट्टा खनिकर मौजा में तीन जमीन 6.75 लाख रुपये (1 फरवरी), 14.40 लाख रुपये (23 फरवरी) और 3.60 लाख रुपये (25 फरवरी) में खरीदी थी।
ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने जो जानकारी पीएमओ को दी है उससे पता चलता है कि उन्होंने 2 फरवरी, 2021 को पटना के शिवम अपार्टमेंट में अपना 650 वर्ग मीटर का फ्लैट 25 लाख रुपये में बेचा था। पिछले साल की घोषणा में, उन्होंने इस “संपत्ति की कीमत” को लगभग 6.6 लाख रुपये दिखाया था। गिरिराज सिंह की पत्नी उमा सिन्हा ने देवघर में 1,087 वर्ग मीटर का घर- 45 लाख रुपये में बेची। पिछले साल सिंह की घोषणा में, इस “संपत्ति की कीमत” को लगभग 7 लाख रुपये बताया गया था।
राज्य मंत्रियों की बात करें तो कुल 9 मंत्रियों ने संपत्ति खरीद की जानकारी दी है। बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने उत्तरी गोवा में तीन संपत्तियां खरीदी हैं। जिनमें गैर-कृषि भूमि के दो प्लॉट और एक आवासीय बिल्डिंग शामिल है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने हरियाणा के फरीदाबाद में संयुक्त स्वामित्व के जरिए तीन कृषि भूमि के टुकड़ों को खरीदा है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण की राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने 8 जुलाई 2020 को कानपुर के कृपालपुर में 36.42 लाख रुपये में 1.214 हेक्टेयर जमीन खरीदी है।
इसके अलावा 2020-21 में संपत्ति खरीदने वाले नौ राज्य मंत्रियों में से छह को इस साल 7 जुलाई को हुए मंत्रीमंडल फेरबदल के बाद सरकार में शामिल किया गया था।
लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने झांसी के बेतवा विहार इलाके में 2021 में 20 लाख रुपये में एक आवासीय भूखंड खरीदा है।
शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी के अनुसार जुलाई 2020 में झारखंड के कोडरमा में (3.12 लाख रुपये), और रांची में (9.75 लाख रुपये) में उनके बेटे द्वारा दो जमीन की खरीद की घोषणा की गई है।
पूर्वोत्तर विकास और सहकारिता मंत्रालय के राज्य मंत्री बी एल वर्मा ने बदायूं में 3,126.92 वर्ग फुट का प्लॉट 1 जून, 2020 को संयुक्त स्वामित्व में 52 लाख रुपये में खरीदी थी। इसके अलावा लखनऊ में मानस एन्क्लेव सोसाइटी में 3,510 वर्ग फुट का प्लॉट भी उन्होंने संयुक्त स्वामित्व में 70 लाख रुपये में खरीदा है। वर्मा ने 30 जुलाई, 2020 को बदायूं में अपनी पत्नी द्वारा खरीदी गई एक कृषि भूमि की भी जानकारी दी है। संयोग से, उन्होंने चालू वित्त वर्ष में भी अपनी पत्नी द्वारा उसी स्थान पर 25 जून को जमीन की खरीद को सूचीबद्ध किया है। वर्मा ने दोनों खरीद की संयुक्त लागत को लगभग 8 लाख रुपये बताया है।
संचार राज्य मंंत्री देवुसिंह चौहान की पत्नी ने गुजरात के नडियाद में 5.79 एकड़ कृषि भूमि 30.43 लाख रुपये में खरीदी। वहीं महिला और बाल विकास राज्य मंत्री डॉ महेंद्र मुंजपारा ने गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक कृषि भूमि का प्लॉट खरीदा है। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन की पत्नी ने तमिलनाडु के नमक्कल जिले में 5.73 लाख रुपये में गैर-कृषि भूमि की खरीद की जानकारी दी है।