देश में कोरोना विषाणु संक्रमण के प्रतिदिन आने वाले मामलों में लगातार कमी नजर आ रही है। शनिवार रात ग्यारह बजे तक 33 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना के 1,65,337 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 3,425 लोगों की मौत संक्रमण की वजह से हुई। ये आंकड़े राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य विभागों की ओर से जारी किए गए थे।

देश में शनिवार रात सात बजे तक कोरोना रोधी टीकों की कुल 21 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी थीं। इनमें से शनिवार को ही 28.09 लाख खुराकें दी गईं। सबसे अधिक मामले तमिलनाडु में दर्ज किए गए। तमिलनाडु स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में 30,016 नए मामले सामने आए जबकि 486 लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु के बाद केरल में 23,513, कर्नाटक में 20,628, महाराष्ट्र में 20,295, आंध्र प्रदेश में 13,756, पश्चिम बंगाल में 11,514, ओड़ीशा में 7,188, असम में 5,613, पंजाब में 3,102, तेलंगाना में 2,982, छत्तीसगढ़ में 2,437, राजस्थान में 2,314, उत्तर प्रदेश में 2,287, जम्मू कश्मीर में 2,253, गुजरात में 2,230, हरियाणा में 1,868, उत्तराखंड में 1,687 मामले आए।

मध्य प्रदेश में 1,640, बिहार में 1,491, हिमाचल प्रदेश में 1,262, मणिपुर में 1,007, पुदुचेरी में 996, गोवा में 963, दिल्ली में 956, झारखंड में 687, मेघालय में 613, त्रिपुरा में 595, अरुणाचल प्रदेश में 461, मिजोरम में 277, सिक्किम में 273, नगालैंड में 156, चंडीगढ़ में 153 और लद्दाख में 124 नए मामले दर्ज किए गए।

इस बीच केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गोवा ने कोविड-19 की स्थिति के मद्देनजर लॉकडाउन या अन्य पाबंदियां सोमवार से अगले एक हफ्ते से लेकर एक पखवाड़े तक बढ़ाने की घोषणा की है। वहीं, दिल्ली, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश ने पाबंदियों में कुछ ढील देने का फैसला किया है।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राज्य में पाबंदी को नौ जून तक बढ़ाने की घोषणा की जबकि पुडुचेरी सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश में लॉकडाउन को सात जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। तमिलनाडु लॉकडाउन को पहले ही सात जून तक बढ़ा चुका है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि अगर लोग सहयोग करें और कोरोना के मामलों में कमी आए तो लॉकडाउन को विस्तारित करने का सवाल ही नहीं उठता। कर्नाटक सरकार ने सात जून तक लॉकडाउन जारी रखने का फैसला किया है।