भारत के केरल राज्य से सबसे युवा मेयर बनकर सुर्खियां बटोरने वाली आर्य राजेंद्रन (Arya Rajendran) अब शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। वह अपने साथी और बलुसेरी (Balussery) से विधायक सचिव देव (MLA Sachin Dev) के साथ शादी करने जा रही हैं। CPI(M) से जुड़े दोनों नेताओं ने अभी शादी की तारीख तय नहीं की है। आर्य ने जानकारी दी है कि इस फैसले के बारे में परिवार और पार्टी को भी सूचित कर दिया गया है। आइए जानते हैं उनका राजनीतिक सफर और उनके होने वाले पति के बारे में-
कौन हैं आर्य राजेंद्रन? आर्य राजेंद्रन आर्य केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक कॉलेज में पढ़ रही ही हैं। वह गणित विषय से बीएससी कर रही हैं। आर्य अपने कम उम्र से राजनीति में बहुत सक्रिय रही हैं और फिलहाल अभी भी स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया की स्टेट कमेटी की मेंबर हैं। साथ ही आर्य वाम दल की बच्चों की यूनिट बाल संगम की जिला अध्यक्ष हैं।
कम उम्र में बनी मेयर: आर्य महज 21 साल की उम्र में ही तिरुवनंतपुरम की मेयर चुनी गईं। उस दौरान सीपीआई ने चुनाव में 100 वॉर्ड्स में से 52 पर जीत हासिल की थी। जबकि भाजपा ने 35 सीटें जीती थीं। इसके साथ ही आर्य SFI की प्रदेश समिति की सदस्य हैं। जबकि उनके होने वाले पति सचिन देव SFI के प्रदेश सचिव हैं और 2021 विधानसभा चुनाव में बालुसेरी से CPM के टिकट पर विधायक चुने गए। उन्होंने 20 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
मिडिल क्लास परिवार से संबंध: आर्य राजेंद्रन एक मिडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। इनके पिता राजेंद्रन इलेक्ट्रीशियन रहे हैं। मां एलआईसी एजेंट हैं। जबकि सचिन देव जब SFI से चुनाव लड़े थे, तब वे सबसे कम उम्र के चेहरा थे। इसके अलावा आपको बता दें कि आर्य राजेंद्रन और सचिन देव स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया(SFI) में साथ थे। तब से एक-दूसरे को जानते हैं। आर्य तिरुवनंतपुरम के ऑल सेंट्स कॉलेज में पढ़ी हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में आर्य ने बताया, ‘हम दोनों एक ही राजनीतिक विचारधारा से जुड़े हैं और हमने SFI में एक साथ काम किया है। हम अच्छे दोस्त रहे हैं। हमने यह फैसला किया और बाद में हमारे परिवारों को इसकी जानकारी दी।’
उन्होंने आगे कहा, ‘चूंकि हम दोनों चुने हुए जन प्रतिनिधि हैं, तो यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी न फैले, हमने परिवारों के साथ-साथ पार्टी को भी सूचित कर दिया है।’ SFI CPI(M) का छात्र मोर्चा है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि अभी शादी की तारीख तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्णय दोनों परिवारों और पार्टी के बीच विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा।