बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली से इटली में शादी कर इन दिनों काफी चर्चा में हैं। अनुष्का बॉलीवुड की सबसे सफल और खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक हैं। लंबे कद और आकर्षक लुक वाली अनुष्का शर्मा जैसा दिखने की चाहत हर किसी के मन में होती है। इसके लिए आपको यह जानना जरूरी है कि किस तरह के खान-पान और व्यायाम से इस तरह की बॉडी बनाई जा सकती है। तो चलिए नजर डालते हैं अनुष्का के डाइट और वर्कआउट प्लान पर।
डाइट प्लान – अनुष्का शर्मा एक साधारण डाइट प्लान फॉलो करती हैं। दिन भर में 5 बार मील लेने वाली अनुष्का घर के बने खाने को ही प्राथमिकता देती हैं। वह दिन भर में तकरीबन 3 लीटर पानी पी लेती हैं। अनुष्का के दिन की शुरुआत दो अंडों और एक गिलास ताजे फल के जूस से होती है। दोपहर में वह नारियल पानी और नींबू के साथ पनीर टोस्ट लेना पसंद करती हैं। वह सेट पर अपने साथ टिफिन ले जाती हैं जिसमें घर पर बनी सब्जी, दाल, दो चपाती और सलाद शामिल होता है। शाम के समय नाश्ते के तौर पर वह प्रोटीन बार या मौसमी फल लेती हैं। अनुष्का चाहे जहां भी हों वह डिनर घर पर ही करने की कोशिश करती हैं। उनका डिनर उनके लंच की ही तरह होता है। रात को सोने से पहले वह एक गिलास दूध पीना नहीं भूलतीं. अनुष्का जंक फूड्स और ऑयली फूड्स को पूरी तरह से अवॉयड करती हैं।
वर्कआउट प्लान – अनुष्का शर्मा बहुत ज्यादा जिम जाना पसंद नहीं करतीं। वह नियमित योगा करने की आदती हैं। हर रोज सुबह अपने दिमाग को तरोताजा रखने तथा शरीर को लचीला बनाए रखने के लिए वह योगा करती हैं। वह केवल वेट और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के लिए ही जिम जाती हैं। अगर वह कहीं बाहर शूटिंग पर होती हैं तो टहलने के लिए जाती हैं। वह सुबह और रात को सोने से पहले मेडिटेशन भी करती हैं ताकि उनका दिमाग शांत रहे। वह डांस को सबसे बेहतर कार्डियो वेस्कुलर एक्सरसाइज मानती हैं और हर रोज 30 मिनट तक डांस भी करती हैं।
अनुष्का के हेल्थ टिप्सः अनुष्का शर्मा वर्कआउट टिप्स बताते हुए कहती हैं कि पर्याप्त आराम लेना भी शरीर को सेहतमंद रखने के लिए एक महत्वपूर्ण व्यायाम है। दिन भर में खूब पानी पीना शरीर से तमाम विषाक्त तत्वों को बाहर कर देता है। इसलिए खूब पानी पिएं और हेल्दी खाना खाने की कोशिश करें।