योगा संस्कृत के युज शब्द से बना है। इसका अर्थ होता है जोड़ना। यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार और धारण, ध्यान और समाधि के संयोजन से वाह्य जगत से अंतर्मुखी होने की पद्धति है योग। योग करने वाले को योगी कहा जाता है। प्राचीन महर्षियों ने अनुशासित जीवन और निरोगी काया को ध्यान में रखकर योग के बारे में बताया था। आज विश्व के अधिकांश हिस्सों में रोगमुक्त होने और स्वस्थ रहने के लिए लोग योगासनों का निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। योग एक विज्ञान है। इसे ठीक तरह से समझे बिना इसका अभ्यास करना नुकसानदेह भी हो सकता है। इसलिए अक्सर इसे विशेषज्ञों की देख-रेख में ही करने की सलाह दी जाती है। जब भी कोई योग शुरू करता है उसके दिमाग में तमाम तरह के सवाल होते हैं। जैसे- योग कब करना सही हैं? योग में किन बातों का ध्यान रखें? सप्ताह में कितने दिनों तक योग करें? आदि। आज हम योग से जुड़े कुछ ऐसे ही सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश करेंगे।
सप्ताह में कितने दिन करें योग – योगासन अगर आप हफ्ते में एक घंटे भी करते हैं तो यह आपके लिए बहुत फायदेमंद है। इसे आप जितना ज्यादा से ज्यादा करते हैं इसका फायदा बढ़ता जाता है। कुछ लोगों का सुझाव होता है कि हफ्ते में कम से कम तीन बार एक घंटे के लिए जरूर करना चाहिए। अगर आप योगा का केवल 20 मिनट का भी सत्र प्रतिदिन रखते हैं तो यह काफी फायदेमंद होता है।
लचीले लोग ही कर सकते हैं योग – शरीर में लचीलापन योगा ही योगा के लिए अनिवार्य शर्त नहीं है। जिन लोगों के शरीर में लचीलापन नहीं है वह भी योगा कर सकते हैं। योगा से उन्हें फ्लेक्सिबल होने में मदद मिलती है।
योगा शुरू करने के लिए क्या है जरूरी – योगा करने के लिए सबसे बड़ी जरूरत है तन, मन से योगा के लिए तैयार होना। योगा करने के दौरान आप योगा लेगीज या शॉर्ट्स या फिर टी शर्ट का इस्तेमाल ड्रेस के तौर पर कर सकते हैं। ध्यान रहे इनमें से कुछ भी बहुत ज्यादा ढीला-ढाला न हो। योगा के लिए कोई विशेष फुटवियर नहीं होता।
योगा से पहले खाना क्यों नहीं चाहिए – योगा विशेषज्ञों के मुताबिक खाना खाने के तीन घंटे बाद अभ्यास करना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि योगा के दौरान आपको दाएं-बाएं और ऊपर-नीचे झुकना पड़ता है। ऐसे में अगर आपका भोजन पचा हुआ नहीं होगा तो यह काफी असुविधाजनक होगा। अगर आपको योगा के दौरान कमजोरी आदि की शिकायत होती है तो अभ्यास से तीन मिनट पहले दही, नट्स या फिर फलों के जूस का नाश्ता कर सकते हैं।