सर्दियों के दौरान मौसम में बहुत ज़्यादा बदलाव देखने को मिलता है। तापमान के अधिक गिर जाने से हमारी खाने पीने की आदतें भी बदलती है। इस मौसम में हमारी गतिविधियां बेहद कम हो जाती है जिस कारण हमारे शरीर में फैट जमा होने लगता है और हमारा वज़न बढ़ने लगता है। सर्दियों में हमारी इम्युनिटी भी कमज़ोर पड़ने लगती है।

न्यूट्रीशन एक्सपर्ट और सर्टिफाइड डायटिशियन प्रदीप सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि कुछ विंटर सुपरफूड्स होते हैं जिनके सेवन से हम स्वस्थ बने रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘इस बार की सर्दियों में वर्क फ्रॉम होम के कारण कई लोगों को वजन बढने, अपच आदि की समस्या हो रही है। बाल गिरने की समस्या भी आम हो गई है। इन सभी से निबटने के लिए कुछ विंटर सुपरफूड्स हैं जो इम्युनिटी को बढ़ाते हैं और हमारी अच्छी सेहत को बढ़ावा देते हैं।’

लहसुन- लहसुन में सेलेनियम, जर्मेनियम और कई तरह के एमिनो एसिड पाए जाते हैं, जो हमारे इम्युनिटी को मजबूत बनाते हैं। यह एक प्राकृतिक एंटीबायोटिक है जो ब्लड प्रेशर को कम करता है, मूत्राशय से जुड़ी दिक्कतें दूर करता है।

दालचीनी- दालचीनी हमारे लिए आयरन और कैल्शियम का उत्तम स्रोत होता है।  यह शरीर में स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं को बनाने में मददगार होता है। आप इसे अपने चाय या कॉफी में डालकर पिएं, फायदा होगा।

शकरकंद- शकरकंद में फाइबर, विटामिन ए और पोटैशियम पर्याप्त मात्रा में होता है। इसमें कम कैलरी और उच्च मात्रा में पोषक तत्व होते हैं। इससे अपच की शिकायत दूर होती है और इम्युनिटी मजबूत होती है।

सरसों का साग- सर्दियों में सरसों का साग बहुत फायदेमंद होता है। इसमें फाइबर और विटामिन सी पर्याप्त मात्रा में होता है जो हमें वायरल इंफेक्शन से बचाता है। यह लीवर के सेहत के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है।

मटर- सर्दियों में मटर आसानी से उपलब्ध होता है। यह प्लांट प्रोटीन का एक बेहद अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें हर तरह के एमिनो एसिड की उपस्थिति होती है जिसकी जरूरत हमारे शरीर को होती है। अगर आप वेजीटेरियन हैं तो सर्दियों में आपके लिए ताज़े मटर से ज़्यादा अच्छा प्रोटीन का स्रोत कुछ नहीं है।

गाजर- गाजर को सर्दियों के सुपरफूड्स में शामिल किया जाता है। इसमें बीटा- कैरोटीन पाया जाता है और इसी कारण गाजर गहरे नारंगी रंग के होता है। गाजर विटामिन ए का भी श्रेष्ठ स्रोत माना जाता है। इसमें फाइबर की उच्च मात्रा होती है जिस कारण वजन कम करने में भी यह मददगार होता है। आंखों के लिए भी गाजर सही माना जाता है।