मुंबई से गोवा जाने वाली क्रूज शिप में कथित ड्रग्स पार्टी का हिस्सा होने के आरोप में एनसीबी ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया था। आर्यन खान को गुरुवार को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद आर्यन खान की पैरवी कर रहे वकील सतीश मानशिंदे ने जमानत याचिका दायर की थी।

कोर्ट में अभी जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है। सतीश मानशिंदे की टीम इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रख रही है। ये कोई पहली बार नहीं है जब वह किसी बॉलीवुड शख्सियत या उनके बेटे की पैरवी कर रहे हैं। सतीश की गिनती देश के नामी वकीलों में होती है और वह इससे पहले भी कई अन्य बॉलीवुड सितारों का पक्ष कोर्ट में रख चुके हैं।

सलमान खान को करवाया था बरी: उनका नाम सबसे पहले आर्म्स एक्ट केस में संजय दत्त की पैरवी करने के बाद चर्चा में आया था। कोर्ट में संजय दत्त का पक्ष रख रही टीम में कई वकील शामिल थे। इसमें सतीश मानशिंदे भी थे। शुरुआत में संजय दत्त को जमानत मिलने में काफी मुश्किल हो रही थी, लेकिन बाद में संजय को जमानत मिली तो सतीश मानशिंदे का नाम अखबारों की हेडलाइन्स में छा गया था। इसके अलावा सतीश ने काला हिरण और ड्रिंक एंड ड्राइव केस में भी सलमान खान की पैरवी की थी। दोनों ही मामलों में उन्होंने सलमान खान को जमानत दिलवा दी थी और बाद में उन्हें इस केस में बरी कर दिया गया था।

हाल ही में सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड के बाद एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया था। सुशांत के परिवार ने रिया पर हत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया था। रिया का पक्ष लेकर भी सतीश मानशिंदे कोर्ट में गए थे और उन्हें इस मामले में जमानत दिलवाई थी। यही वजह है कि उनका नाम देश के सबसे नामचीन वकीलों में शुमार है। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सतीश एक्ट्रेस और डांसर राखी सावंत का बचाव भी एक केस में कर चुके हैं।

कर्नाटक के धारवाड़ के रहने वाले सतीश ने अपनी प्रैक्टिस दिवंगत वकील राम जेठमलानी के अंडर शुरू की थी। करीब 10 साल तक राम जेठमलानी ने वकालत के गुर सीखने के बाद उन्होंने अपने केस लड़ने शुरू किए थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी एक हियरिंग की फीस करीब 10 लाख रुपए के आसपास है।