एक या दो सफेद बाल तो आम है, लेकिन अगर उससे ज्यादा बाल सफेद है, तो आपको ध्यान देने की जरुरत है। खासतौर पर यदि यह समस्या कम उम्र में या बच्चों को हो तो चिंता का कारण बनती है। बालों का काला रंग उनमें मौजूद मेलानिन नामक खास तत्व के कारण होता है। जब यह मेलानिन उम्र के साथ कम होने लगता है, तो बाल सफेद होते हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए घरेलू उपचारों की मदद ली जा सकती है। इनका आपके बालों पर कोई नुकसान भी नहीं होता है। साथ ही बालों से जुड़ी अन्य समस्या भी दूर हो जाती हैं। आइए जानते हैं बच्चों में सफेद बालों की समस्या को कैसे दूर करें-

करी पत्ता: 8 से 10 करी पत्ता को पानी में उबालें और फिर छान लें। हल्का ठंडा हो जाए तो उसमें 1 चम्मच नारियल तेल मिलाएं और बालों पर अच्छी तरह लगाएं। इसके बाद 1-2 घंटे के लिए छोड़ दें और फिर शैंपू से बालों को धो लें। इस प्रक्रिया को सप्ताह में कम से कम 2 से 3 बार जरूर दोहराएं। इससे सफेद बालों की समस्या दूर हो जाएगी और बालों का विकास भी बेहतर होगा।

आंवला: आंवला को काटकर उसका पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट में अपने अनुसार नारियल का तेल मिला लें। इसे अच्छी तरह मिक्स करें और बालों पर लगाएं। लगाने के बाद इसे लगभग 2 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद शैंपू से बालों को धो लें। इस प्रक्रिया को आप हर दूसरे दिन दोहरा सकते हैं।

गुड़हल का फूल: अगर आपके बच्चों के बाल सफेद हो रहे हैं तो आपके लिए आंवला और गुड़हल के फूलों का इस्तेमाल बहुत फायदेमंद रहेगा। आंवला, गुड़हल और तिल का पेस्ट बना लें और बालों पर लगाकर 1 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद बालों को अच्छी तरह धो लें। इस प्रक्रिया को सप्ताह में 2-3 बार दोहराएं। इसमें नारियल तेल की कुछ बूंदे मिलाकर स्कैल्प पर मसाज करने से फायदा होगा।

बादाम का तेल और तिल: एक ब्लेंडर में बादाम का तेल और तिल मिलाएं। इस मिश्रण को सिर पर लगाएं और 20 मिनट तक मालिश करें। इसके बाद 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ें और फिर हर्बल शैंपू और गुनगुने पानी से धो लें। इस प्रक्रिया को सप्ताह में 2-3 बार दोहराएं।