चेहरे को साफ और ग्लोइंग बनाने के लिए लोग तमाम तरह के जतन करते हैं। इसके लिए कुछ लोग महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ कई तरह के घरेलू नुस्खे भी अपनाते हैं। इन्हीं नुस्खों में से एक है आइस थेरेपी।

दीपिका पादुकोण से लेकर आलिया भट्ट तक, अच्छी स्किन के लिए आपने कई बॉलीवुड एक्ट्रेसेस को भी चेहरे पर बर्फ रगड़ते हुए देखा होगा और खासकर सुबह के समय चेहरे पर बर्फ रगड़ने की सलाह दी जाती है। हालांकि, अधिकतर लोग इसके फायदों को लेकर कुछ कंफ्यूज रहते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, यानी अगर आपके मन में भी सवाल है कि आखिर सुबह चेहरे पर बर्फ रगड़ने से क्या होता है? तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको इसी सवाल का जवाब देने वाले हैं। आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-

आंखों की पफीनेस और सूजन होती है कम

सोकर उठने के बाद अधिकतर लोग आंखों के नीचे पफीनेस या सूजन से परेशान रहते हैं। वहीं, ये सूजन आपके चेहरे की खूबसूरती में दाग की तरह नजर आती है। ऐसे में इसे कम करने के लिए बर्फ रगड़ना फायदेमंद हो सकता है। चेहरे पर बर्फ लगाने से लिंफेटिक सिस्टम से अतिरिक्त तरल पदार्थ बाहर निकलने में मदद मिलती है, जिससे आंखों की सूजन कम हो जाती है और चेहरे की खूबसूरती में निखार आता है।

स्किन बनती है ग्लोइंग

सुबह चेहरे पर बर्फ रगड़ने से आपकी स्किन अधिक ग्लोइंग और साफ नजर आती है। ऐसा इसलिए क्योंकि बर्फ चेहरे के रोमछिद्रों को खोलती है और रक्त का प्रवाह बढ़ा देती है, जिससे चेहरे की त्वचा में निखार आता है।

दाग-धब्बे और झुर्रियां हो सकती हैं कम

कुछ रिपोर्ट्स बताती हैं कि बर्फ रगड़ने से चेहरे पर ब्लड फ्लो बढ़ जाता है, जिससे स्किन की रंगत में तो सुधार होता ही है, साथ ही चेहरे पर दाग-धब्बे और झुर्रियां की परेशानी भी कम हो सकती है।

स्किन होती है रिलैक्स

इन सब से अलग बर्फ रगड़ने से चेहरे के मांसपेशियों को आराम मिलता है, जिससे चेहरा तरोताजा महसूस करता है। इससे चेहरे की त्वचा की सेहत भी बेहतर होती है और त्वचा संबंधी समस्याएं कम होती हैं।

किन बातों का रखें ध्यान?

ध्यान रहे कि रोज बर्फ रगड़ने से आपकी त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकता है। ऐसा करने पर त्वचा का प्राकृतिक तेल कम हो सकता है, त्वचा शुष्क हो सकती है या त्वचा पर जलन की परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है, तो रोज बर्फ रगड़ने से पहले अपने डॉक्टर या स्किन स्पेशलिस्ट से सलाह लें।

क्या है आइस थेरेपी का सही तरीका?

  • इसके लिए सबसे पहले अपने चेहरे को साफ कर लें और किसी भी मेकअप या गंदगी को हटा दें।
  • इसके बाद एक बर्फ का टुकड़ा लें और इसे एक साफ कपड़े में लपेट लें।
  • बर्फ को अपने चेहरे पर 5-7 मिनट तक रगड़ें।
  • बर्फ को अपने चेहरे के सभी हिस्सों पर रगड़ें, जैसे कि माथे, नाक, गाल, और ठोड़ी।
  • बर्फ रगड़ने के बाद, अपने चेहरे को एक सूखे तौलिये से सुखा लें।
  • आखिर में अपने चेहरे पर अच्छा मॉइस्चराइजर लगाएं ताकि आपकी त्वचा में नमी बनी रहे।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।