Ghee Khane Ke Fayde: भारतीय घर की रसोई में एक चीज जरूर आपको मिलेगी वो है घी। चपाती पर लगाने से लेकर दाल में डालकर खाने तक इसका इस्तेमाल किया जाता है। ये न केवल खाने का स्वाद बढ़ा देता है बल्कि सीमित मात्रा में खाए जाने पर सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। घी में विटामिन ए, विटामिन डी, विटामिन ई, विटामिन के, ओमेगा-3 फैटी एसिड, ओमेगा-6 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट जैसे तमाम गुण पाए जाते हैं। कई लोग छोटे बच्चों को घी खिलाने को लेकर कंफ्यूजन में रहते हैं कि कब से उनकी डाइट में घी को शामिल करना चाहिए। या फिर रोजाना बच्चे को एक चम्मच घी खिलाने से क्या होगा? आपके इस सवाल का जवाब हम डॉक्टर से लेकर आए हैं। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स में फिजीशियन और मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ रंगा संतोष ने इसके बारे में विस्तार से बताया। आइए जानते हैं इसके बारे में।
घी खाने के फायदे
डॉ. रंगा संतोष कुमार ने बताया कि घी खाना शरीर के लिए फायदेमंद होता है। इसमें प्रति ग्राम लगभग 900 कैलोरी होती है। इसे खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है। यह कई बीमारियों से भी हमें बचाता है। घी का सेवन करने से पाचन तंत्र भी सुचारू रूप से कार्य करता है।
त्वचा को मिलता पोषण
यशोदा अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. दिलीप गुडे के अनुसार घी पचने में बहुत आसान है। घी में ब्यूटिरेट होता है, जो एक प्रकार का शॉर्ट-चेन फैटी एसिड है। ये पेट की सेहत के लिए जरूरी होता है। घी सूजन को कम करता है। इसे खाने से त्वचा को पोषण मिलता है।
घी खाने से मजबूत होती हड्डियां
डॉ. कुमार ने बताया कि रोजाना थोड़ी मात्रा में घी खाने से संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है। इसे खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं। हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अधिक मात्रा में घी का सेवन करने से शरीर को गंभीर नुकसान भी हो सकता है।
रोजाना बच्चों को घी खिलाने से क्या होता है?
विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों को रोजाना घी खिलाने से उनकी याददाश्त तेज होती है। इतना ही नहीं उनकी दृष्टि तेज होती है। साथ ही बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होता है।