Multigrain Atta Recipe: भारतीय थाली में चपाती की एक खास जगह है। बिना रोटी के लोगों का पेट नहीं भरता है। बहुत सारे लोग गेहूं का आटा इस्तेमाल करते हैं। वहीं सेहत के लिए फ्रिकमंद लोग मल्टीग्रेन आटे का सेवन करते हैं। यूं तो ये बाजार में बड़ी आसानी से मिल जाता है। लेकिन अगर आप चाहें तो इसे घर में शुद्धता के साथ तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको पता होना चाहिए कि सबसे अच्छे मल्टीग्रेन आटे में कौन-कौन से अनाज होते हैं? इसकी जानकारी होने पर आप बाजार से खरीदने की बजाए घर में मल्टीग्रेन आटा बना पाएंगे।

मल्टीग्रेन आटे में कौन-कौन से अनाज मिलाए जाते हैं?

शरीर को पोषण देने के लिए आपको मल्टीग्रेन आटे का सेवन करना चाहिए। इसे बनाने के लिए आपको अनाज और उसके अनुपात के बारे में सही जानकारी होनी चाहिए। मल्टीग्रेन आटे को गेहूं, सोया, ज्वार, ओट्स, रागी, मक्का, चना दाल के मिश्रण से तैयार करना चाहिए। इससे आपको फाइबर, प्रोटीन, एंटीऑक्सीडेंट गुण समेत कई पोषक तत्व मिलते हैं।

मल्टीग्रेन आटा बनाने की विधि | Multigrain Atta

3 किलो गेहूं
500 ग्राम ज्वार
500 ग्राम बाजरा
250 ग्राम रागी
250 ग्राम भुना हुआ चना
250 ग्राम मक्का
250 ग्राम सोयाबीन

घर में इस तरह बनाएं मल्टीग्रेन आटा

सबसे पहले सभी अनाजों को अच्छी तरह से साफ कर लें। अगर आपको ऐसा महसूस हो कि अनाज में थोड़ी भी नमी है तो घूप में जरूर सुखाएं। आटा तैयार करने से पहले आप चना, ज्वार, बाजरा और मक्का को हल्का भून लें। ऐसा करने से आटे का स्वाद बढ़ जाता है। इसके बाद सभी अनाजों को एक साथ मिला लें। इसके बाद इसे अपने सामने चक्की में पिसवाएं। ताकि वो मिलावट न करें। अगर आपके घर में आटा पिसने की मशीन है तो बहुत बेहतर है। नहीं तो थोड़ी मात्रा में आप मिक्सर ग्राइंडर में भी इसको पीस सकते हैं। आटा पीसने के बाद इसको छलनी से छान लें। एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर लें।। इसे एक से दो माह तक आसानी से स्टोर किया जा सकता है।