गर्मी का मौसम डेंगू मच्छर के लिए माकूल माहौल है। इस मौसम में डेंगू का खतरा मंडराने लगता है। सबसे ज्यादा इस मच्छर के काटने का खतरा बच्चों के सिर पर मंडराता है। डेंगू मच्छर के काटने से ही डेंगू बुखार होता है। एक आंकड़े के मुताबिक दुनिया भर में हर साल लगभग 400 मिलियन लोग डेंगू बुखार से संक्रमित होते हैं। डेंगू मच्छर इतना ज्यादा खतरनाक होता है कि ये किसी को भी बिस्तर तक पहुंचा सकता है।
डेंगू एक वायरल संक्रमण है जो मच्छर के काटने से होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार ये संक्रमण डेंगू वायरस के कारण होता है। संक्रमित मच्छरों के काटने से ये मनुष्यों में फैलता है। इस वायरस के मुख्य लक्षणों की बात करें तो इसमें सबसे आम लक्षण तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, मतली और दाने हैं। इस मच्छर के काटने से अधिकांश लोग 1 से 2 हफ्ते में ठीक हो जाते हैं। कुछ लोगों को गंभीर डेंगू हो जाता है और उन्हें अस्पताल में देखभाल की आवश्यकता होती है।
डेंगू का खतरा सबसे ज्यादा बच्चों को होता है। वैसे तो डेंगू किसी भी उम्र के लोगों को हो सकता है लेकिन बच्चों और बुजुर्गों पर इस बीमारी का असर तेजी से होता है। डेंगू में प्लेटलेट्स लगातार कम होने लगते हैं, जिससे ये बीमारी जानलेवा बन सकती है। हेल्थलाइन की खबर के मुताबिक बच्चों में डेंगू के लक्षणों को अगर समय पर पहचान लिया जाए तो स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सकता है। आइए जानते हैं कि बच्चों में डेंगू के कौन-कौन से लक्षण दिखते हैं और उनसे कैसे बचाव किया जा सकता है।
बच्चों में डेंगू के कौन-कौन से लक्षण दिख सकते हैं:
- बच्चों में डेंगू के लक्षण वायरल फ्लू की तरह दिखते हैं। इस वायरस की वजह से बच्चों को बुखार आ सकता है जो एक हफ्ते तक रह सकता है।
- इन वायरस की चपेट में आने से बच्चे का मिजाज़ चिड़चिड़ा हो सकता है। उसे सुस्ती हो सकती है और उसकी नाक और मसूड़ों से खून आ सकता है।
- इस वायरस का असर बच्चे की स्किन पर भी दिखता है। स्किन पर चकत्ते आ सकते हैं।
- बच्चे को उल्टी आ सकती है और उसका खाना पीना कम हो सकता है।
- डेंगू बुखार की वजह से बच्चे को बदन दर्द, जोड़ों में दर्द और सिर दर्द की शिकायत हो सकती है।
बच्चों का डेंगू से बचाव कैसे करें:
- बच्चे के डेंगू की चपेट में आने पर उसे पूरा आराम कराएं।
- बच्चे को लिक्विड फूड्स ज्यादा खिलाएं। लिक्विड फूड्स का सवन करने से बच्चे की बॉडी हाइड्रेट रहेगी।
- डेंगू बुखार के लिए नारियल पानी एक अच्छा ड्रिंक है। बच्चे को नारियल पानी पिलाएं।
- बच्चे को ऐसे कपड़े पहनाएं जो बॉडी को ज्यादा से ज्याद कवर कर सकें।
- सोते समय बच्चे पर मच्छरदानी जरूरी लगाएं।