Weight Loss Tips: आज के समय में हर कोई अपने वजन को लेकर चिंतित रहता है। स्वस्थ जीवन गुजारने के लिए लोगों का फिट रहना बहुत जरूरी है। वजनदार लोगों की तुलना में फिट लोग कई बीमारियों से दूर रहते हैं। वेट लॉस करने के लिए लोग कई तरीके अपनाते हैं। तरह-तरह के व्यायाम के साथ ही डाइटिंग और मेडिकल सप्लीमेंट्स के इस्तेमाल से भी नहीं चूकते। हालांकि, वजन कम करने के लिए एक ही तरीके को अपनाते हुए लोग बहुत जल्दी बोर भी हो जाते हैं। ऐसे में वेट लॉस संबंधित प्रक्रिया लंबी और ऊबाऊ लगने लगती है। वहीं, कई घरेलू तरीके भी हैं जिन्हें आप बदल-बदलकर वेट लॉस के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हीं में से एक है जौ यानि की बार्ले का पानी पीना।

क्या हैं जौ पानी पीने के फायदे: जौ का पानी फाइबर का बेहतरीन स्रोत है, इसके सेवन से आपको जल्दी भूख नहीं लगती। इसके साथ ही पेट भरा होने के कारण जंक फूड की क्रेविंग भी नहीं होती है। जौ में भले ही कुछ मात्रा में कैलोरीज मौजूद होती हैं लेकिन जैसे ही जौ को पानी में डाला जाता है तो कैलोरीज के लेवल में भी गिरावट आती है। इसके अलावा, जौ का पानी पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और कब्ज और दस्त जैसे पेट की बीमारी से भी दूर रखता है। वहीं, जौ के पानी का रोजाना सेवन से कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी कंट्रोल किया जा सकता है। साथ में ये शरीर को डीटॉक्सीफाई कर विषाक्त तत्व को बाहर निकालने का काम कर सकता है।

वजन कम करने के लिए जौ के पानी का ऐसे करें इस्तेमाल: जौ का पानी बनाने के लिए एक पैन में आधा कप जौ डालें। अब इसमें 1.5 लीटर पानी और दालचीनी स्टिक मिलाएं। इसके बाद कम से कम 30 मिनट तक इस पानी को उबालें। जब पानी जलना शुरू हो जाए और बर्तन में केवल डेढ़ से दो ग्लास तक बच जाए तो गैस बंद करके इसे आंच से उतार लें। ठंडा होने पर इस पानी को छान लें। स्वाद बढ़ाने के लिए इस पानी में नींबू का रस और शहद मिला लें। आप चाहें तो इसे बड़ी मात्रा में बना सकते हैं और अपने रेफ्रिजरेटर में स्टोर कर सकते हैं। अगर आपको जल्‍दी मोटापा कम करना है तो दिन में कम से कम दो बार जौ का पानी पीएं।

ये हैं जौ के पानी के अन्य फायदे: बार्ले वाटर ब्लड शुगर को भी नियंत्रित रखने का काम करता है। यह पानी एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन से भरपूर होता है। साथ ही इस पानी में आयरन, मैगनीज और फोलिएट जैसे तत्व भी प्रचुर मात्रा में होते हैं। मूत्र से जुड़ी कोई समस्या है तो जौ का पानी पीना फायदेमंद होगा। इसके अलावा किडनी से जुड़ी ज्यादातर समस्याओं में जौ का पानी बहुत कारगर होता है। डायबिटीज के रोगियों के लिए जौ का पानी बहुत फायदेमंद होता है। इससे शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है। हालांकि, वैसे लोग जिन्हें ग्लूटेन से एलर्जी है उन्हें जौ का पानी पीने की सलाह नहीं दी जाती है। जौ एक प्रकार का गेंहू ही है जिसमें ग्लूटेन पाया जाता है।