भागदौड़-भरी ज़िंदगी में सेहत पर ध्यान देना मुश्किल हो जाता है। जीवनशैली में बदलाव जैसे कि जंक फूड ज्यादा खाने और फिजिकल एक्टिविटी ना करने से लोगों को मोटापे की शिकायत रहती है। हालांकि सभी चाहते हैं कि वो फिट रहें। SOHFIT के संस्थापक सोहराब खुश्रुशाही इस बात पर कहते हैं कि मोटापा कम करने और फिट रहने के लिए जरूरी है कि हम अपने शरीर पर थोड़ा ध्यान दें और कुछ अच्छी आदतों को अपनाएं।
वही, कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा की पत्नी लिजेल डिसूजा कहतीं हैं- वजन कम करना केवल शारीरिक चुनौती नहीं है… यह एक मानसिक चुनौती है… थोड़ा-थोड़ा करके दिन-ब-दिन वजन कम करें … एक बार में एक पाउंड ही सही। लिजेल ने ये बात अपने इंस्टाग्राम पर जिम की एक फोटो को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है।
आखिर कैसे करें वजन को कम?
जब मोटापे को कम करने और फिट रहने की बात आती है तो एक्सरसाइज करना कितनी जरूरी है ये सब को पता है। एक्सपर्ट सोहराब खुश्रुशाही ने फिट रहने और असरदार तरीके से वजन कम करने के कुछ उपाय सुझाए हैं-
1. रोजाना एक्सरसाइज करें
आपने अक्सर लोगों को कहते सुनना होगा कि आज मैंने ज्यादा कसरत की। लेकिन ऐसा करना गलता होता है। वास्तव में हमें रोजाना फिक्स अमाउंट में ही एक्सरसाइज करनी चाहिए। इसे आप धीरे-धीरे बढ़ा सकते है, लेकिन अचानक से ज्यादा या कम-ज्यादा एक्सरसाइज करना आपके लिए फायदेमंद नहीं होगा।
सोहराब खुश्रुशाही कहते हैं कि एक बार एक्सरसाइज कर लेने से शरीर को कोई फायदा नहीं होता। लंबे समय तक लगातार व्यायाम करने से आपको मनचाहा परिणाम मिलेगा। व्यायाम के दौरान आप अपने शरीर पर ज्यादा हार्श न हों बल्कि धीरे-धीरे करके हलके व्यायाम से अपनी शुरुआत करें।
2. व्यायाम के साथ आराम करना भी जरूरी
लोगों को परेशानी तब होने लगती है जब उन्हें शरीर में मनचाहा बदलाव नहीं मिलता। लोग कम समय में ही अधिक व्यायाम कर जल्दी से वेट लॉस करना चाहते हैं। लेकिन ये भी सच है कि आप 365 दिन एक्सरसाइज नहीं कर सकते। शरीर को बीच-बीच में आराम की भी जरुरत होती है। इसलिए शरीर को आराम देते हुए नियमित एक्सरसाइज करें। आप हफ्ते में 3 से चार दिन तक व्यायाम करें और नियमित रूप से 7-8 घंटे की नींद लें।
3. हेल्थी खाना
मोटापा कम करने और फिटनेस को बनाए रखने के लिए आहार पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। अक्सर लोग सोचते है कि मोटापा कम करने के लिए खाना छोड़ देना सही होता है लेकिन ये पूरी तरह गलत है। एक्सपर्ट का कहना है कि शरीर को सही डाइट मिलना जरूरी है। चाहे वेट गेन करने की बात हो या लॉस। इसलिए सभी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में लें।
4. शांत मन से बढ़ें वेट लॉस की ओर-
वेट लॉस की जर्नी में बिलकुल अधीर न हों। न खाना छोड़ें और न ही अधिक व्यायाम करें। शांत मन के लिए आप योग करें और स्ट्रेस को खुद से दूर रखें। एक्सपर्ट का कहना है कि आप अपनी एनर्जी पर फोकस करें और वेट लॉस जर्नी को आसान बनाएं।