भारत में बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन का नाम लेते ही सबसे पहले विनोद चन्ना का नाम सामने आता है। विनोद चन्ना ने कई सेलिब्रिटीज का वजन कम करवाने में मदद की है। इसमें अनंत अंबानी का नाम भी शामिल है। अनंत ने साल 2016 में विनोद चन्ना का डाइट और वर्कआउट रुटीन फॉलो करके 108 किलोग्राम वजन कम कर लिया था। अनंत अंबानी कोई पहले शख्स नहीं है जिनका वजन कम करवाने में विनोद चन्ना ने मदद की है। विनोद के बारे में आगे बताने से पहले जान लेते हैं कि आखिर वो हैं कौन?
विनोद के पास इस लक्ष्य को प्राप्त करने का अपना एक उद्देश्य था। उनकी वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, वह बचपन में बेहद दुबले-पतले थे। यही वजह थी कि लोग उनका मजाक भी उड़ाया करते थे। दरअसल वह बचपन में कुपोषित थे और कई बार तो वह खाना तक नहीं खाते थे, यही वजह थी कि उनका शरीर बिल्कुल अजीब लगता था।
यहां तक कि वह अपने परिवार की कोई मदद भी नहीं कर पाते थे। वह एक के बाद दूसरी नौकरी कर रहे थे। उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड से सफाईकर्मी तक की भी नौकरी की थी। अंत में उन्हें महसूस हुआ कि लंबी आयु के लिए उन्हें अपने शरीर पर कुछ ध्यान देना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने जिम में खूब पसीना बहाना शुरू किया। उन्होंने न सिर्फ अपनी बॉडी और जीवन ट्रांसफॉर्म किया बल्कि उनकी लाइफ भी बदल दी जिनके लिए काम किया। विनोद चन्ना ने फिल्म हाउसफुल से पहले एक्टर रितेश देशमुख की भी मदद की थी। साथ ही विनोद ने दीपिका पादुकोण, आशीष चौधरी और शिल्पा शेट्टी को भी ट्रेन किया था। विनोद की ट्रेनिंग का ही असर था कि अनंत अंबानी ने 18 महीने में 108 किलोग्राम वजन कम किया था।
क्या होता था अनंत का रुटीन: बिजनेस इनसाइडर के साथ इंटरव्यू में विनोद चन्ना ने कहा था, ‘अनंत बहुत समर्पित थे और उन्होंने कई स्टेज पर वेट-लॉस प्रोग्राम फॉलो किया था। अनंत की डाइट पर ही खास ध्यान दिया गया था, इसमें प्रोटीन, लो कार्ब और फाइबर को शामिल किया गया था। उन्होंने रोज़ाना 30 मिनट वॉक से अपना रुटीन शुरू किया था और बहुत आसानी से अनंत ने इस रुटीन को अपना लिया था। उनकी डाइट में एक दिन में ज्यादा से ज्यादा 1,200 कैलोरी ही दिया जाता था।’
विनोद ने बताया था, अनंत के लाइफस्टाइल, लेट नाइट और हार्मोनल चेंज समेत कई अन्य फैक्टर के कारण वेट लॉस में काफी परेशानियां भी आई थीं। यही वजह थी कि अनंत का रोज़ाना वजन भी कम नहीं हो रहा था। अनंत के लिए ये काफी मुश्किल भी था क्योंकि वह खाने की बहुत शौकीन हैं और जंक फूड उन्हें सबसे पसंद है। यही वजह है कि उनकी डाइट में कुछ ब्रेक्स को शामिल किया था जिससे अनंत वर्कआउट के लिए प्रेरित हो सकें।