वजन का घटना या बढ़ना तो एक व्यक्ति के जीवन में लगा ही रहता है। लेकिन जो सबसे ज्यादा शरीर को प्रभावित करता है वह हैं स्ट्रेच मार्क्स। स्ट्रेच मार्क्स यानी त्वचा में खिंचाव पड़ जाना। ये खिंचाव अचानक वजन बढ़ने-घटने या गर्भावस्था के बाद होता है। इस तरह के मार्क्स औरत और मर्द दोनों की त्वचा में देखने को मिलते हैं। मायो क्लिनिक के अनुसार स्ट्रेच मार्क्स समय के साथ या ट्रीटमेंट के जरिए कम हो जाते हैं। लेकिन पूरी तरह से खत्म नहीं होते।

स्ट्रेच मार्क्स से छुटकारा पाने के लिए लोग तमाम तरह के उपायों की मदद लेते हैं। हालांकि विशेषज्ञों की मानें तो प्राकृतिक उपायों के जरिए भी इनसे छुटकारा पाया जा सकता है। मैक्रोबायोटिक पोषण विशेषज्ञ शोनाली सभरवाल कुछ उपचार की सलाह देती हैं, जिनकी मदद से स्ट्रेच मार्क्स को कम किया जा सकता है।

शोनाली कहती हैं कि स्ट्रेच मार्क्स कम करने के लिए आप एक अच्छे होम्योपैथिक डॉक्टर के पास जाएं। होम्योपैथी का उपचार त्वचा के खिंचाव के लिए सबसे अच्छा होता है।

इसके अलावा कुछ घरेलू उपचार

एलोवेरा का ताजा जेल आप स्ट्रेच मार्क्स पर लगा कर मालिश कर सकते हैं। इसके साथ ही नारियल, बादाम या तिल के तेल से प्रभावित त्वचा की मालिश कर सकते हैं। इस उपाय से स्ट्रेच मार्क्स को कम करने में मदद मिलती है।

कोकम, कोकोआ या फिर शीया बटर त्वचा से जुड़ी समस्याओं का निवारण करने के लिए सबसे अच्छे माने गए हैं। इससे त्वचा मॉइस्चराइज होती है और त्वचा को पोषण मिलता है, जो त्वचा की इलास्टिसिटी में सुधार करता है। यह सूखापन दूर करता है और खिंचाव के निशान को ठीक करता है।

विशेषज्ञ अच्छी त्वचा के लिए एक अच्छी डाइट लेने का भी सुझाव देते हैं, जिसमें गुड फैट की अच्छी मात्रा हो। ऐसे में आप ड्राई फ्रूट्स, एवोकाडो, तैलीय मछली (यदि आप मांसाहारी हैं) चिया और अलसी के बीज, हरी सब्जी और फल आदि का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा पौष्टिक पेय जैसे नारियल पानी और ताजा फल का रस पीने से भी स्ट्रेच मार्क्स को कम करने में मदद मिलती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं की शरीर में पानी की मनुष्य को कभी नहीं होने देनी चाहिए। क्योंकि डिहाइड्रेशन की वजह से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में आपको चाय, कॉफी और सोडा का सेवन पूरी तरह से कम कर देना चाहिए।