सर्दियों में अधिक ठंड के कारण सुबह-सुबह जिम जाना कई बार संभव नहीं हो पाता है। ऐसे में कई लोग इस मौसम में एक्सरसाइज करना ही छोड़ देते हैं। फिटनेस को नजरअंदाज करना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। हालांकि, आप घर पर ही कुछ खास तरह की एक्सरसाइज कर सकते हैं। इससे आपको जिम जाने की भी जरूरत नहीं होगी।
सूर्य नमस्कार
सर्दियों में अगर आप जिम नहीं जा पा रहे हैं, तो घर पर ही सूर्य नमस्कार कर सकते हैं। ठंड में शरीर को गर्म रखने के लिए सूर्य नमस्कार एक बेहतरीन एक्सरसाइज है। हर रोज सूर्य नमस्कार करने से पूरे शरीर की स्ट्रेचिंग हो जाती है। यह एक्सरसाइज मेटाबॉलिज्म को भी बेहतर करने में मदद करती है। आप हर रोज 8 से 12 राउंड सूर्य नमस्कार कर सकते हैं। इससे बॉडी में एनर्जी बनी रहती है।
स्क्वाट्स
आप घर पर ही स्क्वाट्स कर सकते हैं। यह पैरों, जांघों और कमर के लिए काफी बेहतरीन एक्सरसाइज है। इस एक्सरसाइज को करने से शरीर के निचले हिस्से की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। आप हर रोज 15-20 स्क्वाट्स के 2-3 सेट कर सकते हैं।
जंपिंग जैक
घर पर हल्की-फुल्की कार्डियो एक्सरसाइज के लिए जंपिंग जैक काफी बेहतर एक्सरसाइज है। इसे करने से सर्दी में शरीर को गर्माहट मिलती है। हर रोज 30-40 जंपिंग जैक करने से शरीर में फुर्ती बनी रहती है।
प्लैंक
आप घर पर प्लैंक एक्सरसाइज भी कर सकते हैं। इससे पेट, पीठ और कंधों की मांसपेशियां मजबूत बनी रहती हैं। इसे करने से पेट की चर्बी कम होती है। शुरुआत में 20-30 सेकंड तक प्लैंक होल्ड करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं।
पुश-अप्स
पुश-अप्स भी आप घर पर कर सकते हैं। यह एक्सरसाइज चेस्ट, शोल्डर, ट्राइसेप्स और कोर मसल्स को मजबूत करती है। अगर आप पुश-अप्स पहली बार कर रहे हैं, तो 5-10 रेप्स के तीन सेट से शुरुआत कर सकते हैं। इस दौरान आप घुटनों का सहारा भी ले सकते हैं।
