जब भी हमें कोई दिक्कत होती है, तो हम डॉक्टर के पास जाने की जगह घरेलू उपायों के जरिए उसे ठीक करने की कोशिश करते हैं। सबसे ज्यादा लोग ब्यूटी प्रॉब्लम्स में लापरवाही बरतते हैं। मुंहासे, पींपल्स, बाल झड़ना और आंखों के नीचे काले घेरे यूं तो एक आम समस्या है। हालांकि, अगर कई ब्यूटी प्रोडक्ट्स और घरेलू उपाय इस्तेमाल करने के लंबे समय बाद भी यह परेशानियां ठीक नहीं हो रहीं, तो यह गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं।

ये ब्यूटी प्रॉब्लम हो सकती हैं गंभीर बीमारी का संकेत:

-मुंहासे: किशोरावस्था में हार्मोन्स में बदलाव के कारण अक्सर लोगों को मुंहासे निकलते हैं। हालांकि, समय के साथ यह ठीक भी हो जाते हैं। लेकिन अगर लंबे समय तक चेहरे से मुंहासे और पींपल्स ठीक नहीं हो रहे, तो आपको तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए। क्योंकि कभी-कभी ओवरी से संबंधित परेशानी के कारण भी महिलाओं में मुंहासों की दिक्कत बढ़ सकती है। डॉक्टर्स का तो यह भी मानना है क‍ि कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता के कारण भी चेहरे पर मुंहासे और पींपल्स जैसी समस्याएं होती हैं।

-बालों का झड़ना: आज के समय में बालों का झड़ना एक आम समस्या बन गई है. कम उम्र में ही लोगों के बाल झड़ने शुरू हो जाते हैं। ज्यादा तनाव, अनियंत्रित खान-पान और नींद ना आने की समस्या के कारण बाल झड़ते हैं। हालांकि, अगर घरेलू नुस्खों और ब्यूटी प्रोडक्ट्स को इस्तेमाल करने के बाद भी यह समस्या कम नहीं हो रही, तो आपको तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। क्योंकि बाल झड़ना अनीमिया, थायराइड और प्रोटीन की कमी आदि कई गंभीर बीमारियों का भी संकेत हो सकता है।

-लगातार सूखे और फटे होंठ: अक्सर मौसम बदलने और हवा चलने के कारण होंठ सूखकर फटने लगते हैं। लेकिन अगर लगातार आपके होंठ सूख रहे हैं और फट रहे हैं, तो यह बैक्टीरिया या यीस्ट इन्फेक्शन की वजह से भी हो सकता है। साथ ही यह डाइबिटीज और स्ट्रोक की निशानी भी होती है।

-नाखूनों का कमजोर होना: अगर आपके नाखून बार-बार टूटते हैं, तो आपको डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। क्योंकि, कमजोर नाखून कैल्शियम की कमी, खून की कमी और थायराइड की निशानी हो सकती है।