प्रेग्नेंसी यानी गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिसका असर महिलाओं के शारिरिक और मानसिक विकास पर भी पड़ता है। प्रेग्नेंसी के दौरान बालों का झड़ना और त्वचा पर खुजली होना एक आम बात है। हालांकि, कुछ महिलाओं में डिलीवरी के बाद भी बालों का झड़ना बंद नहीं होता, बल्कि यह समस्या तेजी से बढ़ने लगती है। डिलीवरी के बाद बालों के झड़ने की इस समस्या को पोस्टपार्टम हेयर लॉस कहा जाता है।

लेकिन, बच्चे को जन्म देने के बाद मां के बाल क्यों झड़ने लगते हैं? दरअसल, इसके पीछे भी एक बड़ी वजह है। डिलीवरी के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होने लगता है, जिसके कारण बाल झड़ने की समस्या होती है। ऐसे में बच्चे के जन्म के बाद बालों का ख्याल रखना बेहद ही जरूरी है। अपने बालों को फिर से स्वस्थ बनाने के लिए आप घरेलू उपायों की मदद ले सकती हैं।

दही: दही में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो बालों के लिए फायदेमंद हैं। यह बालों को कंडीशन करने में मदद करते हैं। दही के नियमित तौर पर इस्तेमाल से बालों की सभी समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए दही को अपने स्कैल्प और बालों पर लगाएं। 15 मिनट तक सूखने दें, बाद में शैंपू से अपने बालों को अच्छी तरह से धो लें। यह उपाय आप हफ्ते में दो बार अपना सकती हैं।

अंडा: बालों के लिए अंडा रामबाण से कम नहीं है। यह बालों की चमक को वापस लाने का साथ ही डैंड्रफ और बाल झड़ने जैसी समस्याओं से भी निजात दिलाता है। इसके लिए एक अंडे का सफेद हिस्सा निकाल लें फिर उसमें दो चम्मच जैतून का तेल मिला लें। इस तरह से आपका हेयर पैक तैयार हो जाएगा। फिर इस पैक को अपने बालों में लगाएं और कुछ समय के लिए छोड़ दें। बाद में शैंपू से अपने बालों को धो लें। यह उपाय स्कैल्प को पोषण देने का काम करता है, साथ ही बालों को भी मजबूत बनाता है।

आंवला: आयुर्वेद में भी बालों को मजबूत और सुंदर बनाने के लिए आंवले का जिक्र किया गया है। आंवला ना सिर्फ बालों की समस्याओं से निजात दिलाता है, बल्कि यह समग्र स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। इसके लिए आप नियमित तौर पर आंवले के जूस का सेवन कर सकती हैं।

इसके अलावा झड़ते बालों को रोकने के लिए दो चम्मच आंवला पाउडर में दो चम्मच दही मिला लें। इस पैक को बालों की जड़ों में लगाएं। करीब 30 मिनट तक सूखने देने के बाद बालों को धो लें। आप इस प्रक्रिया का इस्तेमाल हफ्ते में एक बार कर सकती हैं।