सियासत को पैसा कमाने का पर्याय मान लिया गया है। ऐसे उदाहरण कम ही मिलते हैं, जब राजनेता वाकई निजी हित से ऊपर उठकर जनसरोकारों को प्राथमिकता दें। एक तरफ कुछ नेताओं की संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि हो रही है, तो कुछ ऐसे भी हैं जो सीएम की कुर्सी तक पहुंच गए, लेकिन उनके पास खुद का घर या गाड़ी नहीं है। उनकी कुल प्रॉपर्टी भी एक करोड़ से कम की है। आइये डालते हैं ऐसे ही मुख्यमंत्रिय़ों की लिस्ट पर एक नजर…

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी- अपनी सादगी के लिए मशहूर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की कुल प्रॉपर्टी 30 लाख 45 हज़ार 13 रुपए है। बंगाल की सियासत में दीदी के नाम से मशहूर ममता  के पास न तो अपनी खुद की गाड़ी है और न ही उनके नाम कोई घर है। गहनों के नाम पर उनके पास 9.75 ग्राम सोना है।

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी उन मुख्यमंत्रियों की सूची में शामिल हैं, जिनकी कुल प्रॉपर्टी एक करोड़ से कम की है। खट्टर के पास कुल 61लाख, 29 हज़ार 9 सौ 52 रुपए की प्रॉपर्टी है। यह जानकारी उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में दी थी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ-  देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी कुल संपत्ति एक करोड़ से कम है। उनके पास 95 लाख 98 हज़ार 53 रुपए की प्रॉपर्टी है।

इसी तरह, अगर उन मुख्यमंत्रियों की बात करें जो देश के सबसे ‘अमीर’ सीएम की सूची में शुमार हैं, तो इसमें अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और चंद्रशेखर राव आदि शामिल हैं। पेमा खांडू की कुल संपत्ति, 129.57 करोड़ रुपये है।

इसी तरह, पंजाब के वर्तमान मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास 48.31 करोड़ की संपत्ति है। जबकि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव 15.51 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।