बेसन चीला एक स्वादिष्ट और सेहतमंद व्यंजन है, जिसे बेसन, प्याज, हरी सब्जियों और विभिन्न मसालों के मिश्रण से तैयार किया जाता है। बेसन चीला को कुरकुरा, पतला, मोटा या नरम बनाया जा सकता है।
प्रोटीन से होता है भरपूर
यह प्रोटीन से भरपूर होता है और नाश्ते के लिए एक बेहतर विकल्प है। अगर इसे देसी घी के साथ परोसा जाए, तो इसका जायका और भी लजीज हो जाता है। ज्यादातर लोग इसे चाय के साथ खाना पसंद करते हैं।
बेसन चीला बनाने की सामग्री
बेसन: 250 ग्राम
हरी सब्जियां: 200 ग्राम
प्याज: दो
टमाटर: दो
अदरक: एक इंच
हरा धनिया: आधी कटोरी
हल्दी: आधा चम्मच
हरी मिर्च: तीन
अजवाइन: डेढ़ चम्मच
नमक: स्वादानुसार
बेसन चीला बनाने की विधि
- सबसे पहले हरी सब्जियों को पानी से अच्छी धोकर कद्दूकस कर लें। फिर एक बर्तन में बेसन लें और उसमें इन सब्जियों को डाल दें।
- अब इसमें हल्दी पाउडर, अजवाइन, कटे हुए टमाटर और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। साथ ही स्वादानुसार नमक भी डालें। फिर इसमें आधा कप पानी डालकर इस मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के मुताबिक इसमें और पानी डाल सकते हैं। घोल के चिकना और बहने योग्य होने तक इसे लगातार फेंटते रहें। ध्यान रहे कि इसमें कोई गांठ न रहे।
- अब तवे या पैन में हल्का सा तेल डालें और गर्म होने पर उसे पूरी तरह फैला दें। अब एक बड़े चम्मच या कप में बेसन का घोल लें और उसे तवे पर फैलाकर पतली परत बना दें। ध्यान रखें कि घोल को धीरे-धीरे फैलाएं, ताकि चीला टूटे नहीं।
- इसे धीमी से मध्यम आंच पर तब तक पकाते रहें, जब तक कि ऊपर का हिस्सा पका हुआ न दिखने लगे या उसमें हवा के बुलबुले दिखाई देने लगें। फिर चीला को पलट दें और सुनहरा दिखने तक पकाते रहें। इसी तरह दूसरे चीले भी बना लें। इन्हें चाय या अपनी मन पसंद चटनी के साथ परोसें।
