वजन बढ़ने के लिए आपकी डाइट और निष्क्रिय जीवनशैली जिम्मेदार है। बढ़ते वजन का सबसे बड़ा कारण फैट का अधिक मात्रा में सेवन करना है। खाने में बटर,तेल,चीज,घी और अनाज का अधिक सेवन करने से वजन तेजी से बढ़ता है। वजन बढ़ने का सबसे ज्यादा असर पेट,कमर और जांघों पर दिखता है। इन अंगों में वसा की मात्रा तेजी से जमा हो जाती है और कई बीमारियों का सबब बनती है। बढ़ते वजन को अगर लम्बे समय तक कंट्रोल नहीं किया जाए तो डायबिटीज,ब्लड प्रेशर और थॉयराइड जैसी परेशानियां बढ़ने का खतरा अधिक रहता है।

एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झांजेर के मुताबिक बढ़ते वजन को कंट्रोल करने का सबसे आसान तरीका कैलोरी पर कंट्रोल करना है। गर्मी में लोग फलों का सेवन करने पर ज्यादा जोर देते हैं। गर्मी में फलों का राजा आम लोगों की खास पसंद है जिसे लोग बेहद खाना पसंद करते हैं।

आप जानते हैं कि आम में कैलोरी अधिक होती है अगर इस फल का सेवन एक से दो महीनों तक रेगुलर किया जाए तो मोटापा बढ़ने का खतरा बढ़ने लगता है। एक्सपर्ट के मुताबिक फलों का सेवन करने से वजन कम होता है लेकिन गर्मी के इस राजा फल का सेवन रोज़ करने से तेजी से वजन बढ़ता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि आम कैसे वजन को बढ़ाता है और इसका कब और कितना सेवन वजन को कंट्रोल कर सकता है।

आम का सेवन वजन को कैसे बढ़ाता है?

आम फलों का राजा है जिसे ज्यादातर लोग खाना पसंद करते हैं। डॉ बिमल झांजेर के मुताबिक 100 ग्राम आम में 100 कैलोरी होती है अगर एक दिन में कोई इंसान दो से तीन आम खाता है तो बॉडी में 1200 से लेकर 1500 कैलोरी एक दिन में पहुंच जाती है। इतनी कैलोरी को बर्न नहीं किया जाए सिर्फ उसका सेवन किया जाए तो तेजी से बॉडी का वजन बढ़ने लगता है। आम एक ऐसा फल है जिसका स्वाद लोगों को बेहद भाता है और वो चाव में 2-3 आम खा जाता है जिससे बॉडी में कैलोरी की मात्रा बढ़ने लगती है और वजन भी तेजी से बढ़ने लगता है।

एक बार में कितना आम खाना चाहिए:

अगर आप बढ़ते वजन से परेशान हैं तो एक बार में सिर्फ आधा आम खाएं। एक आम को दो भागों में बांट कर दिन में दो बार खाएं। आम फ्रुक्टोज से भरपूर होता है इसका एक साथ ज्यादा सेवन ब्लड में शुगर के स्तर को बढ़ा सकता है। अगर आप बहुत ज्यादा आम खाते हैं तो इसका साीधा असर आपके शरीर पर दिखाई देगा।

एक दिन में कितना आम खा सकते हैं?

वेट लॉस जर्नी को आसान करना चाहते हैं तो एक दिन में लगभग 330 ग्राम आम का ही सेवन करें। इस फल में और फलों की तुलना में अधिक चीनी होती है। चीनी और अधिक कैलोरी का सेवन आपका वजन तेजी से बढ़ा सकता है।