Yoga for Lower Back: मां बनने का सुख हर महिला के लिए खास होता है। पर मातृत्व के सुख के साथ, उन पर कई जिम्मेदारियां भी आ जाती हैं। बच्चों की देखरेख के साथ ही इस समय में अपनी सेहत का ख्याल रखना भी जरूरी हो जाता है। दूध पिलाने या फिर उनका रोना का सुनकर अक्सर महिलाएं बच्चों को गोद में उठा लेती हैं। गोदी में लेने के इस क्रम में कई बार उन्हें कमर में दर्द की शिकायत होती है। आमतौर पर महिलाएं इस समस्या को इग्नोर कर देती हैं। हालांकि, कमर दर्द को नजरअंदाज करने से भविष्य में इन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। योग करने से शरीर को कई फायदे हो सकते हैं, कमर के निचले हिस्से में होने वाले इस दर्द से पार पाने में भी कई योगासन फायदेमंद हो सकते हैं। शिल्पा शेट्टी से जानिये किन योगासनों से होगा फायदा-

शिल्पा शेट्टी ऐसे रखती हैं खुद को फिट: शिल्पा शेट्टी कुछ महीने पहले ही सरोगेसी के जरिये दोबारा मां बनी हैं। 5 महीने की बेटी समिषा के अलावा उनका बेटा वियान भी है। हाल में ही अपने इंस्टाग्राम वीडियो में उन्होंने बेटी को गोद में लेने से होने वाले कमर दर्द को लेकर खुलकर बात की है। इस कोरोना काल में शारीरिक सक्रियता और एक्सरसाइज की अहमियत पर जोर देते हुए वो कहती हैं कि शरीर को फिट रखने के लिए ये गतिविधियां बेहद जरूरी हैं, नहीं तो शरीर में जंग लग जाता है।

इन योगासनों को बताया जरूरी: अपने वीडियो में शिल्पा ने कुछ योगासनों के बारे में बताया है जिसका अभ्यास वो खुद भी करती हैं। वो कहती हैं कि इस वैश्विक महामारी के कारण जो लोग भी घर में बैठने को मजबूर हैं, वो सब इन योगासनों को कर सकते हैं। शिल्पा के अनुसार कमर दर्द से निजात पाने में व्याघ्रासन, मार्जरासन और उत्थान व्याघ्रासन मददगार साबित हो सकते हैं। वीडियो में शिल्पा ने इन आसनों को करने का तरीका भी बताया है।

क्या हैं इनके फायदे: इनके फायदों का जिक्र करते हुए वो कहती हैं कि इन तीनों आसनों को करने से शरीर लचीला बनता है और स्ट्रेचिंग भी हो जाती है। ये पेट की मांसपेशियों को स्ट्रेच करता है और शरीर के नियंत्रण को भी बेहतर बनाता है। इसके साथ ही कमर को मजबूती देने और अकड़न कम करने में भी ये योगासन कारगर हैं।