सर्दियों के मौसम में अक्सर लोग अधिक ठंड और आलस के कारण जिम नहीं जा पाते हैं। वहीं, कई बार तो सुबह-सुबह बिस्तर छोड़ना काफी आलस भरा होता है। दरअसल, ठंड के कारण शरीर सुस्त हो जाता है।

ऐसे में अगर आप भी सर्दी के मौसम में जिम नहीं जा पा रहे हैं, तो घर पर ही कुछ खास तरह के वर्कआउट करके फिट रह सकते हैं। इन एक्सरसाइज को करने के बाद आप पूरे दिन एक्टिव महसूस करेंगे।

स्क्वैट्स

घर पर आप स्क्वैट्स कर सकते हैं। यह एक बेहतरीन लोअर बॉडी वर्कआउट है। इससे जांघों, ग्लूट्स और हिप्स की मसल्स मजबूत होती हैं। स्क्वैट्स करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हों। अब कमर सीधी रखते हुए धीरे-धीरे नीचे बैठें। आप दिन में 15-20 स्क्वैट्स के 3 सेट कर सकते हैं।

लंजेस

पैरों और हिप्स को मजबूत करने के लिए लंजेस एक बेहतरीन एक्सरसाइज है। इस एक्सरसाइज को करने से बॉडी बैलेंस भी बेहतर होता है।

पुश-अप्स

पुश-अप्स भी आप घर पर कर सकते हैं। यह एक्सरसाइज चेस्ट, शोल्डर, ट्राइसेप्स और कोर मसल्स को मजबूत करती है। अगर आप पुश-अप्स पहली बार कर रहे हैं, तो 5-10 रेप्स के तीन सेट से शुरुआत कर सकते हैं। इस दौरान आप घुटनों का सहारा भी ले सकते हैं।

प्लैंक

आप घर पर प्लैंक भी कर सकते हैं। यह एक्सरसाइज कोर स्ट्रेंथ बढ़ाने में काफी मददगार होती है। इससे पेट, बैक और शोल्डर की मसल्स एक्टिव होती हैं। शुरुआत में कुछ सेकंड तक इसे करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाकर 1 मिनट तक ले जाएं।

जम्पिंग जैक्स

अगर आप कार्डियो करना चाहते हैं, तो जम्पिंग जैक्स एक बेहतर ऑप्शन है। इससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और ठंड में शरीर जल्दी गर्म हो जाता है। रोजाना 30-40 जम्पिंग जैक्स के 2-3 सेट कर सकते हैं। इससे वजन कम करने में भी मदद मिलती है।