Sania Mirza Net Worth: भारत की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और शोएब मलिक के बीच तलाक को लेकर कयास लगाये जा रहे हैं। हाल ही में सानिया ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था, “टूटे हुए दिल कहां जाते हैं? अल्लाह को खोजने के लिए।” जिसके बाद उनके फैंस चिंतित हो गए हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शोएब ने एक टीवी शो के दौरान कथित रूप से सानिया के साथ चीट किया था। जिससे दोनों के रिश्ते में तल्खी आ गई। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कपल पिछले कुछ समय से अलग रह रहा है।

आपको बता दें कि 35 साल की सानिया ने अपने करियर के दौरान कई उपलब्धियां हासिल की हैं। सानिया की गिनती भारत के सर्वश्रेष्ठ टेनिस खिलाड़ियों में होती है। उन्होंने न सिर्फ टेनिस में नाम कमाया बल्कि अपनी लग्जरी लाइफ से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। आइए जानते हैं सानिया की संपत्ति और उनके बारे में-

सानिया और शोएब की 2010 में हुई थी शादी

एक मीडिया को दिए गए इंटरव्यू के मुताबिक शोएब मलिक ने बताया था कि साल 2003 में पहली बार सानिया से मिले थे, तब सानिया से अच्छे से मुलाकात नहीं हुई थी। इसके बाद 2009 में आस्ट्रेलिया के होबार्ट में उनकी दोबारा मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों ने 12 अप्रैल 2010 को पारंपरिक रूप से हैदराबाद में निकाह कर लिया। शादी के 8 साल बाद 2018 में सानिया ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम है इजहान मिर्जा। इजहान अब 4 साल के हैं।

सानिया मिर्जा इतनी संपत्ति की हैं मालकिन

सानिया मिर्जा का जितना बड़ा नाम है उतनी बड़ी ही उनकी कमाई है। इसी वजह से देश के सबसे अमीर खेल हस्तियों में सानिया का नाम शुमार है। कुल नेटवर्थ की बात करें तो स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक सानिया की कुल संपत्ति करीब $25 मिलियन है, जो वर्तमान में डॉलर के मुकबले 200 करोड़ रुपये के आस-पास है। टेनिस के अलावा सानिया कई ब्रांड एंडोर्समेंट और कई अन्य प्रोजेक्ट भी करती हैं, जिसके माध्यम से भी उनकी अच्छी कमाई होती है। बता दें कि सानिया स्पोर्ट्स से सालाना 3 करोड़ से ज्यादा और विज्ञापनों के एंडोर्समेंट से लगभग 25 करोड़ रुपये कमा लेती हैं। इसके अलावा सानिया अपनी टेनिस अकादमी भी चलाती हैं।

हैदराबाद और दुबई में है लग्जरी घर

स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक सानिया मिर्जा का हैदराबाद में एक बंगला है। तो दुबई में भी आलीशान बंगला भी है, जो एक आइलैंड पर है। हैदराबाद स्थित लग्जरी घर की कीमत 13 करोड़ आंकी गई है। सानिया ने इस घर को साल 2012 में खरीदा था। इन सबके अलावा सानिया कुछ लग्जरी गाड़ियां भी हैं जिनमें रेंज रोवर, मर्सिडीज बेंज, ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी गाड़ियां हैं।

18 साल की उम्र में बनाई पहचान

सानिया मिर्जा का जन्म 1986 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था, लेकिन उन्होंने ने अपनी पढ़ाई हैदराबाद से ही की है। NASR स्कूल में प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने के बाद सेंट मैरी कॉलेज से ग्रेजुएट की डिग्री हासिल की। सानिया मिर्जा को 11 दिसम्बर 2008 को चेन्नई में MGR शैक्षिक और रिसर्च इंस्टीटूट्स यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा गया। सानिया ने महज 18 साल की उम्र में ही दुनिया में अपनी पहचान स्थापित कर ली, साल 2003 से लेकर 2013 तक लगभग एक दशक तक सानिया ने महिला टेनिस संघ के एकल और युगल में शीर्ष भारतीय टेनिस खिलाड़ी के रूप में अपना स्थान बनाए रखा।

सबसे कम उम्र में मिला ‘पद्मश्री’ अवार्ड

वर्ष 2006 में सानिया मिर्जा को ‘पद्मश्री’ अवार्ड से सम्मानित किया गया था। सानिया सबसे कम उम्र में यह सम्मान पाने वाली पहली खिलाड़ी हैं। बता दें कि करियर की शरूआत 1999 में विश्व जूनियर टेनिस चैम्पियनशिप के जरिए की थी। उनकी पहली बड़ी उपलब्धि 2003 में आई जब उन्होंने भारत के लिए वाइल्ड कार्ड एंट्री करने के बाद विंबलडन में डबल्स जीता था। इसके अलावा उन्हें 2005 में अर्जुन पुरस्कार और 2009 में भारत की तरफ से ग्रैंड स्लैम जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं थी।