शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन यानी दशमी तिथि पर दशहरा का त्योहार मनाया जाता है। इसे विजयादशमी के नाम से भी जाना जाता है। इसी दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया था। यही कारण है कि इस त्योहार को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।
दिल्ली-NCR में भी दशहरा की जबरदस्त धूम देखने को मिलती है। इस दिन कई जगहों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाते हैं। लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ इन्हें देखने पहुंचते हैं। ऐसे में अगर आप भी दिल्ली-NCR में रहते हैं, तो हम आपके लिए उन 5 जगहों की जानकारी लेकर आए हैं, जहां आप रावण दहन देख सकते हैं।
रामलीला मैदान (अजमेरी गेट)
रामलीला मैदान रावण दहन के प्रमुख स्थलों में से एक है। यहां हर साल बड़े स्तर पर रावण दहन का आयोजन होता है। इस मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाते हैं। आतिशबाजी इस आयोजन को और भी आकर्षक बनाती है। यहां रावण दहन देखने दूर-दूर से लोग आते हैं। आप भी अपने परिवार के साथ यहां जा सकते हैं।
लाल किला मैदान, पुरानी दिल्ली
लाल किला मैदान रावण दहन के लिए बेहद फेमस है। इस ऐतिहासिक मैदान में दशहरा मेला भी लगता है, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग आते हैं। यह दिल्ली के सबसे पुराने स्थलों में से एक है, जहां रावण दहन का आयोजन होता है।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भी हर साल भव्य रावण दहन होता है। यहां बड़े पैमाने पर आतिशबाजी की जाती है, जो दर्शकों के लिए काफी रोमांचक अनुभव होता है। रावण का पुतला देखने दूर-दराज़ से लोग यहां पहुंचते हैं।
द्वारका सेक्टर-10, डीडीए ग्राउंड
द्वारका में रावण दहन का आयोजन काफी प्रसिद्ध है। पश्चिमी दिल्ली के लोग यहां बड़ी संख्या में आते हैं। रावण दहन के साथ यहां मेला भी लगता है, जिसमें पारंपरिक व्यंजनों की दुकानें और बच्चों के लिए झूले भी होते हैं।
नोएडा स्टेडियम
नोएडा स्टेडियम में हर साल दशहरा का भव्य आयोजन होता है। यहां रामलीला का मंचन भी किया जाता है और मेला भी सजता है। बड़ी संख्या में लोग यहां रावण दहन देखने पहुंचते हैं। इस बार भी यहां रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।